दिवाली पर कार्बाइड गन चलाने वालों पर दर्ज करें मामला:एसएसपी धर्मवीर सिंह

Oct 22 2026

ग्वालियर। दीपावली पर कार्बाइड गन के इस्तेमाल से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ग्वालियर पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। एसएसपी धर्मवीर सिंह ने स्पष्ट किया है कि कार्बाइड गन का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर आम्र्स एक्ट और एक्सप्लोसिव एक्ट के तहत गंभीर धाराओं में कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने जिले में जागरूकता अभियान चलाने के साथ ही संदिग्ध दुकानों, ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया की निगरानी भी तेज कर दी है।
एसएसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि पिछले वर्षों में कार्बाइड गन के इस्तेमाल से कई गंभीर घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इन हादसों में छोटे बच्चों की आंखों की रोशनी तक चली गई। ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए मुख्यमंत्री के निर्देश पर विशेष निगरानी और जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी सिलसिले में क्राइम ब्रांच के अधिकारियों और डीएसपी के अधीन कर्मचारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस ने 40 से अधिक अधिकारी-कर्मचारियों को विभिन्न थाना क्षेत्रों में जांच के लिए भेजा है। ये टीमें पटाखों की दुकानों, हार्डवेयर दुकानों, फैब्रिकेशन और वेल्डिंग की दुकानों के साथ रासायनिक पदार्थ बेचने वाले प्रतिष्ठानों की जांच करेंगी। संबंधित दुकानदारों से उपलब्ध सामग्री और बिक्री का पूरा रिकॉर्ड मांगा जाएगा। पुलिस प्रतिबंधित सामग्री की उपलब्धता और उसकी आपूर्ति के स्रोतों का भी पता लगाएगी।
ई-कॉमर्स कंपनियों को भी निर्देश
पुलिस ऑनलाइन माध्यम से कार्बाइड गन की बिक्री पर रोक लगाने के लिए ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म की भी जांच कर रही है। संबंधित कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कार्बाइड गन की सूची हटाने और अब तक इसे खरीदने वालों की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए जाएंगे। इसके अलावा संबंधित गोदामों की जांच भी की जाएगी, ताकि प्रतिबंधित सामग्री लोगों तक न पहुंचे।
व्हाट्सएप नंबर पर दे सकेंगे सूचना
एसएसपी ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि आसपास कहीं कार्बाइड गन का इस्तेमाल होता दिखाई दे या इसकी बिक्री की जानकारी मिले, तो पुलिस द्वारा जारी व्हाट्सएप नंबर पर सूचना दें। पुलिस का उद्देश्य दीपावली के त्योहार को सुरक्षित बनाना और किसी भी संभावित हादसे को रोकना है।
पुलिस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी नजर रख रही है। कार्बाइड गन से संबंधित फोटो, वीडियो या रील साझा करने वालों के मामलों की जांच की जाएगी। एसएसपी के अनुसार, ऑपरेशन ईगल के तहत ऐसे मामलों में भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि प्रतिबंधित सामग्री का इस्तेमाल करने या उसे बढ़ावा देने से बचें और सुरक्षित तरीके से दीपावली मनाएं।