घरों और बाजारों में सुबह से धुली गाडिय़ां,शस्त्रों का किया पूजन

Oct 20 2026

ग्वालियर। बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व दशहरा जगह-जगह धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। दशहरा पर्व का उत्साह सुबह से बाजार और गलियों में दिखाई दिया। फूलमाला, नारियल और पूजा की खरीदारी के लिए लोग बाजारों में उमड़ पड़े। जगह-जगह ठेलों पर मालाएं बिकी। वाहन धुलवाने के लिए धुलाई सेंटरों पर सुबह से वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लगी रही। वहीं घरों के बाहर भी लोग अपने-अपने वाहन धोते दिखाई दिए। फूलमाला के साथ ही मंगलवार को मिठाई की दुकानों पर भी सुबह से रौनक दिखाई दी। फूलमाला बेचने वालों ने मनमाने दाम वसूले।  
यहां लगी पुतलों की मंडियां
शहर में मुरार, दीनदयाल नगर, गोला का मंदिर, नाका चंद्रवदनी, कंपू, छप्परवाला पुल, फूलबाग और ठाटीपुर में पुतलों की मंडियां सज गई हैं। महंगाई होने के बाद भी त्योहारों की उमंग पर इसका कोई असर नहीं है। इस साल पुतले दोगुनी कीमत पर बेचे जा रहे हैं। पिछले साल की अपेक्षा घास, बांस और कागज के दामों में दोगुना का इजाफा हुआ है। वहीं बारिश से पुतलों की लागत बढ़ गई है। जगह-जगह सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं के द्वारा भगवान श्रीराम की आरती उतारी जाएगी।