शीतला माता मंदिर हादसे के दिवंगतों को श्रद्धांजलि अर्पित कर, आईएमए की नई टीम ने सादगी से ली शपथ

Oct 19 2026

ग्वालियर। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए), ग्वालियर शाखा के सत्र 2026-27 का अधिष्ठापन एवं शपथ ग्रहण समारोह कैंसर हॉस्पिटल ऑडिटोरियम में अत्यंत सादगी, शुचिता और संवेदनशीलता के साथ संपन्न हुआ। शीतला माता मंदिर पर घटित अत्यंत दुखद व हृदय विदारक सडक़ हादसे को देखते हुए आईएमए परिवार ने मानवीय मूल्यों का परिचय देते हुए पूर्व निर्धारित सभी सांस्कृतिक व उल्लासपूर्ण कार्यक्रमों को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया। समारोह की शुरुआत एक गंभीर व भावुक शोक सभा के साथ हुई। हॉल में उपस्थित सभी चिकित्सकों, अतिथियों एवं गणमान्य नागरिकों ने शीतला माता मंदिर हादसे में काल-कवलित हुए 15 श्रद्धालुओं की आत्मशांति और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए दो मिनट का मौन रखकर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसके उपरांत आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. पी. सी. माथुर ने नई कार्यकारिणी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रो. डॉ. एसएम तिवारी, विशिष्ट अतिथि प्रो. डॉ. पीसी जैन एवं विशेष अतिथि प्रो. डॉ. आरकेएस धाकड़, एवं प्रेसिडेंट इलेक्ट डॉ बी श्रीवास्तव सभागार में मंचासीन रहे। अतिथियों ने अपने संबोधन में नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संवेदनशीलता और निस्वार्थ सेवा ही चिकित्सा पेशे की असली पहचान है। डॉ सुनील अग्रवाल ने डॉक्टर अंशुमन सोमानी को मेडल एक्सचेंज कर अपना दायित्व सोंपा।
आईएमए के प्रमुख पदाधिकारियों में अध्यक्ष डॉ. अंशुमान सोमानी, सहायक निदेशक सीजीपी  डॉ. संतोष सिंघल, सचिव आईएमए डॉ विनीत चतुर्वेदी, सचिव सीजीपी : डॉ. अंशु बाजपेयी मैं अपनी पूरी टीम के साथ शपथ ग्रहण की। पदाधिकारियों ने संकल्प व्यक्त किया कि वे पूरे वर्ष चिकित्सकों के कल्याण, समाज के स्वास्थ्य और निष्काम मानव सेवा के प्रति पूर्ण निष्ठा से समर्पित रहेंगे। शोक की इस घड़ी में कार्यक्रम को अत्यंत सादगी के साथ संपन्न किया गया, जिसमें शहर के वरिष्ठ चिकित्सक, कार्यकारिणी सदस्य एवं उनके परिवारजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम में डॉक्टर पुरेंद्र भसीन को लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से नवाजा गया। कार्यक्रम का संचालन डॉक्टर वीके शर्मा और डॉक्टर सुकृति मिश्रा ने किया। कार्यक्रम में डॉ दिनेश उदैनिया डॉ एके चौधरी डॉ अशोक मिश्रा डॉ ओ एन कॉल डॉ मुकुल तिवारी डॉ बीके महेश्वरी शाहिद शहर के कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।