धान खरीदी में अनियमितताएं बर्दाश्त नहीं होंगी — राजीव समाधिया

Oct 16 2026

भितरवार। कृषि उपज मंडी में अपनी उपज विक्रय करने के लिए आने वाले किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। मंडी में व्यवस्थित तरीके से खरीदी सुनिश्चित की जाए और धान खरीदी में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह बात एसडीएम राजीव समाधिया ने शुक्रवार को स्थानीय कृषि उपज मंडी कार्यालय में आयोजित अनाज व्यापारियों की बैठक में कही।
धान खरीदी के दौरान किसी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न न हो और किसानों को अपनी उपज बेचने में परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके लिए एसडीएम ने व्यापारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मंडी में डाक नीलामी निर्धारित समय सुबह 8 बजे से शुरू की जाए। कोई भी व्यापारी डाक बोली प्रक्रिया के बिना किसानों से सीधे उपज की खरीदी न करे। यदि कोई व्यापारी नियमों का उल्लंघन करते हुए पाया जाता है, तो उसके खिलाफ मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम समाधिया ने सभी व्यापारियों को अपने-अपने तौल कांटों का नापतौल विभाग से सत्यापन कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि किसानों की उपज की तुलाई में पारदर्शिता बरती जाए और निर्धारित वजन के अनुसार ही तौल की जाए। यदि किसी व्यापारी के कांटे में कम तौल पाए जाने या अन्य अनियमितता की शिकायत सामने आती है, तो संबंधित व्यापारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। 
बैठक के दौरान एसडीएम ने मंडी सचिव से धान खरीदी को लेकर की गई आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। साथ ही व्यापारियों से खरीदी प्रक्रिया को सुचारू बनाने के संबंध में सुझाव भी प्राप्त किए। इस अवसर पर मंडी सचिव विकास सिंह ममोरिया,व्यापारी राधेश्याम जैन,भूपेंद्र दुबे,सुशील अग्रवाल, ऋषभ कुमार जैन, अभिनंदन जैन, रवि जैन, मिथलेश मोदी, भगवान लाल मोदी, संदीप मोदी, सोमेंद्र सिंह गुर्जर, कुबेर सिंह यादव, प्राणेश अग्रवाल, विनोद साहू आदि उपस्थित थे।