पौधारोपण से ही सुरक्षित होगा आने वाली पीढिय़ों का भविष्य- हरिओम गौतम

Oct 15 2026

ग्वालियर। सामाजिक संस्था रमन शिक्षा समिति द्वारा मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, विकासखंड मुरार के सेक्टर बेरजा के अंतर्गत संचालित ‘शक्ति से सृजन’ कार्यक्रम के तहत लाल टिपारा गौशाला, मुरार में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा अधिक से अधिक लोगों को पौधारोपण के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम में ऋषभानंद महाराज, मधुरानंद महाराज, रमन शिक्षा समिति के अध्यक्ष हरिओम गौतम, समाजसेवी पुष्पेंद्र गौतम, नितेश गुप्ता, अभिषेक शर्मा एवं उर्मिला कुशवाह विशेष रूप से उपस्थित रहे। उपस्थित अतिथियों एवं समाजसेवियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर ऋषभानंद महाराज ने कहा कि वृक्ष प्रकृति का अमूल्य उपहार हैं। पेड़-पौधे पर्यावरण को शुद्ध रखने, प्रकृति का संतुलन बनाए रखने तथा समस्त जीव-जंतुओं के जीवन को सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को पौधारोपण के साथ-साथ पौधों की देखभाल और संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए।
रमन शिक्षा समिति के अध्यक्ष हरिओम गौतम ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज के समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। पौधारोपण केवल एक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे जन-आंदोलन का रूप देना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनकी नियमित देखभाल करनी चाहिए, ताकि आने वाली पीढिय़ों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण मिल सके। कार्यक्रम के माध्यम से उपस्थित लोगों को प्रकृति संरक्षण, हरित वातावरण के निर्माण तथा सामाजिक सहभागिता के साथ पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया।