ग्वालियर में प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट एक्शन मोड में:अंबेडकर धाम और भाजपा कार्यालय पहुंचे, बोले-समय पर पूरे हों काम; 29 को आ रहे अमित शाह

Oct 14 2026

 ग्वालियर। जिले के प्रभारी एवं जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट बुधवार को ग्वालियर दौरे के दौरान एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने दिन की शुरुआत सर्किट हाउस में विभागीय बैठक से की। इसके बाद जौरासी पहुंचकर निर्माणाधीन डॉ. भीमराव आंबेडकर स्मारक (आंबेडकर धाम) का निरीक्षण किया। प्रभारी मंत्री ने शहर में बन रहे भाजपा के नए जिला कार्यालय के निर्माण कार्यों का भी जायजा लिया। इसके बाद कलेक्ट्रेट सभागार में कलेक्टर, एसपी और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों, कानून-व्यवस्था और जनसमस्याओं की समीक्षा की।
प्रभारी मंत्री के दौरे का प्रमुख केंद्र केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह का 29 अक्टूबर को प्रस्तावित ग्वालियर दौरा रहा। इसे लेकर प्रशासनिक तैयारियों और कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया गया।
प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट सुबह मुरार स्थित वीआईपी सर्किट हाउस पहुंचे, जहां जल संसाधन विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की गई। बैठक में लंबित विकास परियोजनाओं, विभागीय कामकाज और फाइलों के निराकरण की समीक्षा की गई। मंत्री ने अधिकारियों को कामकाज में तेजी लाने और लंबित मामलों को प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश दिए।
जौरासी में आंबेडकर धाम के निर्माण का निरीक्षण
सर्किट हाउस में बैठक के बाद मंत्री तुलसी सिलावट प्रदेश के कैबिनेट मंत्री नारायण सिंह कुशवाह के साथ जौरासी पहुंचे। यहां दोनों मंत्रियों ने निर्माणाधीन डॉ. भीमराव आंबेडकर स्मारक यानी आंबेडकर धाम का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। इसके बाद दोनों मंत्री शहर में बन रहे भाजपा के नए जिला कार्यालय पहुंचे। यहां निर्माण कार्यों की स्थिति देखी और संबंधित लोगों को निर्धारित समयसीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए।
कलेक्ट्रेट में कलेक्टर-एसपी के साथ बैठक
निरीक्षण के बाद प्रभारी मंत्री कलेक्ट्रेट सभागार पहुंचे, जहां कलेक्टर,  एसएसपी मुद्दों की समीक्षा की गई। बैठक में कानून-व्यवस्था, विकास कार्यों की प्रगति और आम लोगों की समस्याओं के निराकरण पर चर्चा हुई। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं के समाधान में देरी नहीं होनी चाहिए। सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों का लाभ आम लोगों तक समय पर पहुंचे तथा प्रशासनिक स्तर पर लापरवाही से बचा जाए।
अमित शाह के दौरे की तैयारियों का लिया जायजा
दौरे के अंतिम चरण में मंत्री तुलसी सिलावट ने 29 अक्टूबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित ग्वालियर आगमन को लेकर तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर व्यवस्थाओं की जानकारी ली और अधिकारियों से तैयारियों की प्रगति पर चर्चा की। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, विशाल डोम, मंच और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर ध्यान दिया गया। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो।