अचलेश्वर न्यास की नई कार्यकारिणी के लिए 3800 मतदाताओं ने किया मतदान

Oct 11 2026

ग्वालियर। अचलेश्वर महादेव सार्वजनिक न्यास की नई कार्यकारिणी के चुनाव के लिए रविवार 11 अक्टूबर की सुबह से मतदान किया। एमएलबी कॉलेज परिसर में बनाए गए मतदान केंद्रों पर मतदाताओं ने बड़ी संख्या में पहुंचकर वोट डाले। चुनाव में 9 पदों के लिए 44 प्रत्याशी मैदान में हैं। कुल 3800 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। एक मतदाता ने बताया कि उन्होंने मंदिर की व्यवस्थाएं बेहतर तरीके से संचालित होने की उम्मीद में मतदान किया है। उनकी इच्छा है कि मंदिर की कमान किसी ईमानदार व्यक्ति के हाथ में हो। 
मतदान के लिए एमएलबी कॉलेज परिसर में चार केंद्र बनाए गए थे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए चारों केंद्रों पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी तैनात रहे। हर मतदान केंद्र के अंदर दो-दो सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे, जिनकी निगरानी में मतदान कराया गया। एसडीएम नरेंद्र यादव ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी उम्मीदवारों को पहले ही नियमों की जानकारी दे दी गई थी। मतदान वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में कराया जा रहा है। 
100 से ज्यादा प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी तैनात रहे
शांतिपूर्ण मतदान के लिए प्रशासन के 100 से अधिक अधिकारी और कर्मचारी ड्यूटी पर हैं। इसके अलावा पुलिस के 80 से ज्यादा अधिकारी और जवान मतदान केंद्र के अंदर और बाहर तैनात किए गए। बिना पहचान पत्र के किसी भी मतदाता को केंद्र में प्रवेश नहीं मिला। मतदाताओं और समर्थकों को परिसर में मोबाइल या कोई अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस ले जाने की अनुमति नहीं थी।
मतदान का समय सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित था। मतदान पूरा होने के तुरंत बाद रविवार रात एमएलबी परिसर में मतगणना शुरू होगी। रात में ही नई कार्यकारिणी के विजेताओं के नाम घोषित किए जाएंगे। प्रशासन ने कहा है कि मतगणना सावधानी से कराई जाएगी, ताकि दोबारा गिनती की मांग की गुंजाइश न रहे।