अग्रसेन चौक मुरार पर पितृ पक्ष प्रसादी वितरण का हुआ समापन

Oct 11 2026

ग्वालियर।अग्रसेन चौक मुरार पर पिछले 15 दिनों से चल रहे पितृ पक्ष के उपलक्ष्य में, पितरों की पावन स्मृति में आयोजित प्रसादी वितरण कार्यक्रम का भव्य समापन हुआ। इस सेवा कार्य में मुरार ग्वालियर, लश्कर, सहित दिल्ली, गुजरात, भोपाल के अग्रवाल बंधुओं का सराहनीय सहयोग रहा। अग्रवाल समाज के वरिष्ठ समाजसेवी अशोक गर्ग ने जानकारी देते हुए बताया कि 10 अक्टूबर से 26 अक्टूबर तक चले इस 15 दिवसीय पितृपक्ष सेवा कार्य के अंतिम दिन प्रात:काल भगवान अग्रसेन, अग्रसेन चौक मुरार पर प्रतिमा पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर माल्यार्पण किया गया। इसके पश्चात दोपहर 12:30 बजे से शाम तक विशाल प्रसादी वितरण का आयोजन हुआ। इस दौरान लश्कर, ग्वालियर और मुरार के अग्रवाल बंधुओं के सहयोग से लगभग 2000 भक्तों को मालपुआ और खीर की प्रसादी वितरित की गई। साथ ही, आयोजन में शामिल हुए अग्र बंधुओं को स्मृति स्वरूप भगवान अग्रसेन जी का चित्र भी भेंट किया गया।
इस प्रसादी वितरण कार्यक्रम में ग्वालियर के कई गणमान्य नागरिक और समाज के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। पितृ पक्ष के इन 15 दिनों में सभी अग्रवाल समाजसेवियों ने तन-मन-धन से सेवा कार्य में अपना योगदान दिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में मुख्य रूप से समिति सदस्य रमेश चंद्र बंसल, अनिल गर्ग, बिहारी अग्रवाल, प्रहलाद अग्रवाल और राहुल गोयल, राजकुमार गोयल, हरिमोहन अग्रवाल आदि समाज के अग्र बंधुओ ने पूर्ण रूप से सक्रिय सहयोग प्रदान किया।इस पुनीत कार्य में मिले अभूतपूर्व सहयोग के लिए श्री अग्रसेन उत्सव समिति और श्री अग्रसेन वेलफेयर फाउंडेशन ने सभी समाज के दानदाताओं, समाजसेवियों और क्षेत्रवासियों का दिल की गहराइयों से आभार व्यक्त किया है।