सेज यूनिवर्सिटी, भोपाल में राज्य स्तरीय नर्सिंग कॉन्फ्रेंस का आयोजन

Oct 10 2026

ग्वालियर। सेज यूनिवर्सिटी, भोपाल में इंडियन नर्सेस एसोसिएशन द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय नर्सिंग कॉन्फ्रेंस का शुभारंभ मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल द्वारा किया गया। इस कॉन्फ्रेंस में नर्सिंग शिक्षा, व्यक्तित्व विकास एवं नर्सिंग क्षेत्र में नवीन संभावनाओं पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में सेज यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति इंजीनियर डॉ. संजीव अग्रवाल, मध्य प्रदेश नर्सिंग काउंसिल की अध्यक्ष डॉ. बीनू सिंह कुशवाहा, मध्य प्रदेश ट्रेंड नर्सिंग एसोसिएशन की अध्यक्ष डॉ. सुनीता लॉरेंस, ग्वालियर नर्सिंग कॉलेज की प्रोफेसर एवं मध्य प्रदेश एसोसिएशन की उपाध्यक्ष श्रीमती पुष्पा राय तथा मध्य प्रदेश नर्सिंग काउंसिल द्वारा चयनित असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. दीपमाला पॉल एवं डॉ. सुनीता लाड़े सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कॉन्फ्रेंस में नर्सिंग छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं व्यक्तित्व विकास प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस कार्यक्रम में कुल 38 छात्र-छात्राएँ शामिल हुए।
इस दौरान एमएससी नर्सिंग प्रथम वर्ष के छात्र पंकज मीणा ने पर्सनैलिटी डेवलपमेंट प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग द्वितीय वर्ष की छात्रा रूबी ने पर्सनैलिटी कॉन्टेस्ट में द्वितीय स्थान हासिल कर महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया।
कार्यक्रम के दौरान मध्य प्रदेश नर्सिंग काउंसिल द्वारा गर्भ संस्कार प्रशिक्षण कार्यक्रम से संबंधित सामग्री का विमोचन भी किया गया। इसके साथ ही आगामी 14 एवं 15 दिसंबर को हैदराबाद में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय नर्सिंग कॉन्फ्रेंस की जानकारी दी गई।
गजराराजा चिकित्सा महाविद्यालय, ग्वालियर के अधिष्ठाता डॉ. आर. के. एस. धाकड़ एवं नोडल अधिकारी डॉ. जीतेंद्र अग्रवाल के सहयोग एवं मार्गदर्शन से भोपाल में आयोजित इस कॉन्फ्रेंस में सहभागिता सफल रही।
यह कॉन्फ्रेंस नर्सिंग विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक सिद्ध हुई। विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्राप्त उपलब्धियों से महाविद्यालय का मान बढ़ा। इस प्रकार के आयोजन नर्सिंग विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, व्यावसायिक दक्षता एवं व्यक्तित्व विकास को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।