200 छात्राओं ने मानव रंगोली से उकेरा भारत मंडल, दिया एकता का संदेश

Oct 10 2026

ग्वालियर। विजयाराजे शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय मुरार में शनिवार को सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘सेवा के रंग-राष्ट्र के संग’ थीम पर विशाल ह्यूमन रंगोली एवं रंगोली निर्माण कार्यक्रम आयोजित किया गया। महाविद्यालय के खेल मैदान में सुबह 9 बजे हुए इस आयोजन में करीब 200 छात्राओं ने भाग लेकर राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और सेवा भावना का संदेश दिया। कार्यक्रम में छात्राओं ने सामूहिक रूप से मानव आकृति के माध्यम से भारत मंडल का स्वरूप तैयार किया। इस अनूठी प्रस्तुति के जरिए देश की एकता, अखंडता और विविधता में एकता की भावना को दर्शाया गया। इसके साथ ही छात्राओं ने रंग-बिरंगे रंगों से आकर्षक पारंपरिक रंगोलियां बनाईं। रंगोली के माध्यम से भारतीय संस्कृति, राष्ट्रीय गौरव और राष्ट्रप्रेम की भावना को अभिव्यक्त किया गया।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला। अनुशासन और आपसी समन्वय के साथ तैयार की गई मानव रंगोली ने सामूहिक सहभागिता और सहयोग की महत्ता को रेखांकित किया। आयोजन का उद्देश्य छात्राओं में रचनात्मकता विकसित करने के साथ ही उन्हें सामाजिक दायित्वों, सेवा कार्यों और राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूक करना रहा।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एसके श्रीवास्तव सहित समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। प्राचार्य एवं प्राध्यापकों ने छात्राओं के प्रयासों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने इस तरह की गतिविधियों को छात्राओं के व्यक्तित्व विकास और सामाजिक चेतना के लिए महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. मौसमी सिंह, डॉ. राजवीर सिंह किरार, प्रो. रामकुमार बरकड़े, प्रो. जयंत कोष्टी, यश दुबे सहित अन्य स्टाफ सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजन के माध्यम से छात्राओं ने ‘सेवा के रंग-राष्ट्र के संग’ की अवधारणा को साकार करते हुए एकता, सहयोग और राष्ट्रप्रेम का प्रेरक संदेश दिया।