स्वदेशी मेले में बनेगा ‘आदर्श गौ स्वदेशी ग्राम’, स्वामी ऋषभ देव ने दिए सुझाव

Oct 10 2026

ग्वालियर। दीपोत्सव 2026 स्वदेशी मेले की तैयारियों को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में श्री कृष्णायन आदर्श गौशाला लाल टिपारा के स्वामी ऋषभ देव महाराज ने मेला परिसर का भ्रमण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने मेले की व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए आयोजन को और अधिक आकर्षक, उपयोगी एवं स्वदेशी संस्कृति के अनुरूप बनाने के लिए आवश्यक सुझाव भी दिए।
इस बार मेले में ‘आदर्श गौ स्वदेशी ग्राम’ विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगा। इसके माध्यम से गौ-संरक्षण, भारतीय परंपराओं, स्वदेशी जीवनशैली और देश की सांस्कृतिक विरासत को प्रमुखता से प्रस्तुत करने की योजना है। यह ग्राम मेले में आने वाले लोगों को भारतीय संस्कृति और स्वदेशी विचारधारा से जोडऩे का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।
भ्रमण के दौरान मेला संयोजक आरपी माहेश्वरी, आदेश शर्मा, रमेश दुबे एवं सर्वेश दीक्षित उपस्थित रहे। सभी ने मेले की तैयारियों और प्रस्तावित गतिविधियों को लेकर चर्चा की।
स्वदेशी मेले में आदर्श गौ स्वदेशी ग्राम की परिकल्पना भारतीय संस्कृति, गौ-सेवा और स्वदेशी विचारों को एक मंच पर लाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। इससे मेले की आकर्षण क्षमता बढऩे के साथ ही आमजन को भारतीय परंपराओं और स्वदेशी अपनाने का संदेश भी मिलेगा। दीपोत्सव 2026 स्वदेशी मेला: स्वदेशी का संकल्प, भारतीय संस्कृति का सम्मान और आत्मनिर्भर भारत की ओर एक कदम।