हिंदी को युवाओं से जोडऩे के लिए वार्षिक युवा गीत प्रतियोगिता आयोजित करने का सुझाव: डॉ. श्रीवास्तव

Oct 10 2026

ग्वालियर। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की हिंदी सलाहकार समिति की बैठक में समिति के सदस्य भारतीय जनता युवा मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य डॉ. अंशुल श्रीवास्तव ने हिंदी के प्रचार-प्रसार, युवाओं को राजभाषा से जोडऩे तथा मंत्रालय के शैक्षणिक संस्थानों में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए। बैठक भारतीय खेल प्राधिकरण के मुख्यालय लोधी रोड नई दिल्ली स्थित सम्मेलन कक्ष में केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
डॉ. अंशुल श्रीवास्तव ने सुझाव दिया कि नई पीढ़ी, विशेषकर जेन जी, को हिंदी से जोडऩे के लिए विद्यालयों, निजी महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों तथा डीम्ड विश्वविद्यालयों में वार्षिक युवा गीत प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाना चाहिए। उन्होंने प्रतियोगिताओं में चयनित प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करने तथा उनकी प्रतिभा को व्यापक पहचान दिलाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर सक्रिय युवा इन्फ्लुएंसर्स को हिंदी में रचनात्मक कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया जाए तथा उन्हें मंत्रालय के हिंदी संबंधी कार्यक्रमों में सहभागी बनाया जाए। इससे डिजिटल माध्यमों के जरिए हिंदी का प्रचार-प्रसार बढ़ाने और युवाओं को अपनी भाषा से जोडऩे में मदद मिल सकती है।
डॉ. अंशुल श्रीवास्तव ने हिंदी के प्रचार-प्रसार को अधिक प्रभावी बनाने के लिए कर्मचारियों की स्थानांतरण नीति पर भी विचार करने का सुझाव दिया। इसके अंतर्गत हिंदीभाषी कर्मचारियों को अहिंदीभाषी क्षेत्रों में तथा अहिंदीभाषी कर्मचारियों को हिंदीभाषी क्षेत्रों में पदस्थापित करने की संभावनाओं पर विचार किया जा सकता है। उन्होंने मंत्रालय के अधीनस्थ कार्यालयों की राजभाषा कार्यान्वयन समितियों की बैठकों में हिंदी सलाहकार समिति के सदस्यों को आमंत्रित करने का सुझाव भी दिया, ताकि विभिन्न संस्थानों में हिंदी के प्रयोग की स्थिति की समीक्षा की जा सके। डॉ श्रीवास्तव ने ग्वालियर स्थित लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षा संस्थान के नाम में  ‘वीरांगना’ शब्द जोडऩे का सुझाव भी दिया।
बैठक में मंत्रालय में हिंदी के कार्यान्वयन की स्थिति की समीक्षा की गई तथा राजभाषा हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए सदस्यों से सुझाव प्राप्त किए गए। बैठक में मुख्य रूप से मंत्रालय के सचिव (खेल) हरि रंजन राव, अपर सचिव नितेश कुमार मिश्रा, संयुक्त सचिव शिव रतन, मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों तथा हिंदी सलाहकार समिति के गैर-सरकारी सदस्यों उपस्थित रहे।