अहिंसा संस्था की पहल से रामकृष्ण मिशन विद्यालय में गूंजा नशामुक्ति का संदेश

Oct 06 2026

ग्वालियर। सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, ग्वालियर के अंतर्गत संचालित नशा मुक्त भारत अभियान के तहत अहिंसा महिला बाल कल्याण स्वास्थ्य शिक्षा प्रसार समिति, ग्वालियर द्वारा रामकृष्ण मिशन विद्यालय में नशा मुक्ति एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण एवं लगभग 350 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना तथा युवा पीढ़ी को नशामुक्त, स्वस्थ एवं सुरक्षित जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण, स्टाफ एवं विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
प्रतियोगिताओं के माध्यम से दिया नशामुक्ति का संदेश
कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए विभिन्न रचनात्मक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियों का आयोजन किया गया। इनमें चित्रकला, भाषण एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताएं प्रमुख रहीं। विद्यार्थियों ने इन प्रतियोगिताओं में बढ़-चढक़र हिस्सा लिया और अपनी कला एवं विचारों के माध्यम से नशे के दुष्परिणाम, नशामुक्त जीवन के लाभ तथा स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज के निर्माण का संदेश दिया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत की गई  मानव श्रृंखला रही। विद्यार्थियों के एक समूह ने मानव श्रृंखला बनाकर नशे के खिलाफ एकजुटता का संदेश दिया, जबकि अन्य छात्र-छात्राएं पंक्तिबद्ध होकर कार्यक्रम में सहभागी बने और नशामुक्ति के संदेश को मजबूत किया। विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से यह संदेश दिया कि नशा किसी भी व्यक्ति, परिवार और समाज के लिए नुकसानदायक है तथा युवा शक्ति जागरूक होकर नशामुक्त समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
इस अवसर पर संस्था की केंद्र इंचार्ज मोहिनी वार्ष्णेय, प्रबल प्रताप सिंह, दिनेश अस्थाना सहित संस्था के सदस्य एवं वॉलंटियर्स उपस्थित रहे। संस्था के प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं पारिवारिक नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी दी तथा नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित विद्यार्थियों, शिक्षकगण एवं संस्था के सदस्यों ने नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी जिम्मेदारी निभाने तथा नशे से दूर रहने का संकल्प लिया।