आंगनवाड़ी केंद्र जम्बूर खाना पर ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया

Oct 06 2026

ग्वालियर। आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती पूजन से किया गया। मुख्य अतिथि महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती नीलिमा शिंदे, मंडल अध्यक्ष श्रीमती पूनम गंगोटिया, श्रीमती गिरिजा जाटव एवं साधना भदोरिया उपस्थित रही। महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती नीलिमा शिंदे का स्वागत जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती उपासना राय द्वारा किया गया। एवं कार्यक्रम के दौरान उपस्थित बच्चों, माताओं एवं अभिभावकों को एकत्रित कर पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं बाल विकास से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। बच्चों के लिए विभिन्न रोचक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिससे उनमें सीखने की रुचि एवं सहभागिता को बढ़ावा मिला।
पर्यवेक्षक श्रीमती आरती मिश्रा द्वारा गर्भवती एवं धात्री माताओं तथा अभिभावकों को बच्चों के संतुलित आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच, स्वच्छता एवं बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक देखभाल के संबंध में जागरूक किया। महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती नीलिमा शिंदे द्वारा समुदाय के लोगों को आंगनवाड़ी केंद्र की सेवाओं से जुडऩे और बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में लाडली लक्ष्मी योजना के हितग्राहियों को सर्टिफिकेट का वितरण किया गया। आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम के तहत वार्ड 48 की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती अनसूया भार्गव, श्रीमती अनिता राय, रेहाना परवीन, रेखा शाक्य, सुमन राठौर, सरला यादव, डोली माखीजानी एवं भगवती पाल एवं वार्ड 48 की सभी सहायिकाओं एवं आशा कार्यकर्ताओं को पुष्प हार एवं गिफ्ट देकर सम्मानित किया गया। ‘आंगन मिलन सेवा’ के माध्यम से आंगनवाड़ी केंद्र और समुदाय के बीच संवाद एवं सहभागिता को मजबूत करने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने बच्चों के पोषण एवं विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में पोषण प्रदर्शनी का आयोजन भी किया गया जिसमें स्थानीय पौष्टिक व्यंजनों को सम्मिलित किया गया। कार्यक्रम के आयोजन में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं स्थानीय समुदाय का महत्वपूर्ण योगदान रहा।