भाजपाइयों ने किया श्रमदान,पार्वती नदी दियादाह घाट की सफाई की

Oct 02 2026

भितरवार। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को भितरवार में स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान भाजपा नेताओं ने पार्वती नदी के दियादाह घाट पर पहुंचकर श्रमदान कर घाट की साफ-सफाई की। मध्य प्रदेश राज्य पशुधन एवं कुक्कुट विकास निगम के अध्यक्ष केशव बघेल, नगर परिषद अध्यक्ष बलदेव अग्रवाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष नरेंद्र रावत एवं भाजपा नेता रघुबीर सिंह यादव (वकील) सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने सफाई अभियान में सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने घाट परिसर में फैले कचरे एवं गंदगी को एकत्रित कर स्वच्छता का संदेश दिया। भाजपा नेताओं ने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वच्छता को जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा माना था। उनके स्वच्छ भारत के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न स्थानों पर स्वच्छता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। वहीं अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं ने लोगों से भी सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न फैलाने तथा स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। वहीं इससे पूर्व सभी जनप्रतिनिधि नगर के बस स्टैंड पहुंचे। जहां उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनकी जयंती मनाई। इस अवसर पर नगर के भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक भी मौजूद रहे।