ग्वालियर के यश तिवारी का राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए चयन

Oct 01 2026

ग्वालियर। शहर के उदीयमान फुटबॉल खिलाड़ी यश तिवारी ने अपनी प्रतिभा और शानदार खेल प्रदर्शन के दम पर एक और उपलब्धि हासिल की है। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित 70वीं राज्य स्तरीय शालेय फुटबॉल प्रतियोगिता अंडर-17 बालक वर्ग के लिए यश तिवारी का चयन ग्वालियर-चंबल संभागीय दल में हुआ है। हाल ही में अशोकनगर में आयोजित संभाग स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता में यश तिवारी ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए ग्वालियर टीम को जीत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनके प्रभावी प्रदर्शन को देखते हुए चयनकर्ताओं ने उन्हें राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए संभागीय दल में शामिल किया है। राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन 3 अक्टूबर से 7 अक्टूबर तक शाजापुर में किया जाएगा। प्रतियोगिता में ग्वालियर-चंबल संभाग के अंतर्गत आने वाले मुरैना, अशोकनगर, श्योपुर, शिवपुरी, गुना, दतिया और ग्वालियर सहित विभिन्न जिलों के चयनित खिलाड़ी भाग लेंगे।
यश तिवारी के चयन से उनके परिवार, खेल प्रशिक्षकों एवं साथी खिलाडिय़ों में खुशी का माहौल है। उनकी इस उपलब्धि पर जिला ओलंपिक संघ ग्वालियर के सचिव शिववीर सिंह भदौरिया, ग्वालियर जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष ज्योदित्य भईयू भदौरिया, सचिव विनय कदम, उपाध्यक्ष राजेंद्र पाल सहित चन्द्रानी कोटिया, शुभम यादव, राहुल यादव, राजवर्धन भोसले, अंकिता जादौन, शैलेन्द्र भार्गव, कौशलेंद्र तिवारी, हर्षित दुबे, राघवेंद्र परमार, बल्लू कुशवाह, भूरा रावत, आनंद तिवारी और हिमांशु शर्मा ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।