डीजी डेस्क मेडल से सम्मानित होंगे थाना प्रभारी दिलीप समाधिया

Sep 30 2026

भितरवार। भितरवार में अपने कार्यकाल के दौरान नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई करने वाले थाना प्रभारी दिलीप समाधिया को उनके उत्कृष्ट पुलिस कार्य के लिए डीजी डेस्क मेडल से सम्मानित किया जाएगा। दतिया जिले के बड़ौनी थाने में थाना प्रभारी के रूप में पदस्थ रहने के दौरान किए गए सराहनीय कार्यों के लिए उन्हें यह सम्मान प्रदान किया जाएगा। बड़ौनी थाने में कार्यकाल के दौरान थाना प्रभारी दिलीप समाधिया ने करीब पांच साल पुराने अंधे कत्ल का खुलासा करने के साथ ही कई मामलों में उत्कृष्ट विवेचना की। विभागीय कार्यों में सराहनीय भूमिका और बेहतर पुलिसिंग के लिए उनके कार्यों को पुलिस विभाग द्वारा उत्कृष्ट माना गया है। इसी के चलते पुलिस महानिदेशक द्वारा उन्हें डीजी डेस्क मेडल से सम्मानित किया जाएगा। 
उल्लेखनीय है कि थाना प्रभारी दिलीप समाधिया ग्वालियर जिले के भितरवार थाने में भी पदस्थ रहे हैं। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने गांजा,स्मैक सहित अन्य मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर कार्रवाई करते हुए नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने में सराहनीय भूमिका निभाई थी। वहीं उनके कार्यकाल में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की गई,जिससे क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता दिखाई दी। भितरवार के बाद विभिन्न स्थानों पर पदस्थ रहे थाना प्रभारी समाधिया ने बड़ौनी में भी अपनी कार्यशैली और विवेचना के माध्यम से उत्कृष्ट कार्य किया। पांच साल पुराने अंधे कत्ल का खुलासा उनकी प्रमुख उपलब्धियों में शामिल है। उनके उत्कृष्ट कार्य को देखते हुए अब उन्हें डीजी डेस्क मेडल से सम्मानित किया जाएगा। वहीं इसी क्रम में सीएसपी रवि भदौरिया,उप निरीक्षक रजनी रघुवंशी और एसआई मनोज परमार को भी डीजी डेस्क मेडल से सम्मानित किए जाने की जानकारी सामने आई है।