स्पा सेंटर पर पुलिस की दबिश: सैलून-स्पा सेंटर वाले ताले लगाकर भागे

Sep 28 2026

ग्वालियर। शहर के स्पा सेंटर, मसाज पार्लर की आड़ में चल रहे देह व्यापार के ठिकानों पर पुलिस की अब पैनी नजर है। बीती रात पुलिस की अलग-अलग टीमों ने शहर के स्पा सेंटर, मसाज पार्लर पर अचानक दबिश देकर निरीक्षण किया है। पुलिस की टीम ‘मोनार्क द फैमिली सलून’ और ‘द बीच सैलून एंड स्पा’ पर पहुंची है। यहां पुलिस ने जांचा कि मसाज के नाम पर कहीं देह व्यापार का धंधा तो नहीं चल रहा है। अचानक स्पा सेंटर व मसाज पार्लर पर पुलिस को देखकर आसपास हडक़ंप मच गया।
पुलिस की टीम ‘द हीलिंग स्पा’ पर भी पहुंची, लेकिन यहां ताला लगा मिला है। आशंका है कि पुलिस की कार्रवाई का पता चलते ही कई सैलून व स्पा सेंटर वाले ताला लगाकर भाग गए हैं। 
एसएसपी धर्मवीर सिंह के निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. शिवेश सिंह बघेल और डीएसपी महिला सुरक्षा किरण अहिरवार के मार्गदर्शन में शहर के स्पा सेंटर एवं मसाज पार्लरों में अनैतिक गतिविधियों की रोकथाम के लिए रविवार रात को सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान महिला पुलिस अधिकारियों की टीम ने विभिन्न इलाकों में पैदल भ्रमण कर संदिग्ध स्थानों और हॉट-स्पॉट्स पर निगरानी रखी। 
बीती रात महिला थाना प्रभारी स्वीटी राजावत के नेतृत्व में निरीक्षक सुरभि शर्मा तथा महिला पुलिस बल की टीम ने शहर के प्रमुख स्पा सेंटर और मसाज पार्लरों में अचानक पहुंची तो वहां हडक़ंप मच गया। पुलिस की टीम ने ‘मोनार्क द फैमिली सलून’ तथा ‘द बीच सैलून एंड स्पा’ में पहुंचकर सघन पड़ताल की। चेकिंग के दौरान इन स्थानों पर कोई भी व्यक्ति आपत्तिजनक स्थिति में नहीं मिला और न ही कोई आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई। पुलिस टीम द्वारा ‘द हीलिंग स्पा’ पर भी दबिश दी गई, जो चेकिंग के समय बंद पाया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस अधिकारियों ने मौके पर मौजूद स्टाफ की पूरी जानकारी जुटाई और परिसर में लगे ष्टष्टञ्जङ्क कैमरों व उनके फुटेज/रिकॉर्डिंग सिस्टम की बारीकी से जांच की।
चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने स्पा सेंटर एवं मसाज पार्लर संचालकों को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने हेतु निर्देश दिए हैं, जो इस प्रकार हैं।
रजिस्टर का पालन करें: प्रतिष्ठान में आने-जाने वाले सभी ग्राहकों (विजि़टर्स) का संपूर्ण विवरण नियमित रूप से रजिस्टर में दर्ज किया जाए।
स्टाफ का बायोडाटा: काम करने वाले कर्मचारियों का बायोडाटा और सत्यापन रिकॉर्ड उचित तरीके से मेनटेन रखा जाए।
सीसीटीवी सुरक्षा: सभी सीसीटीवी कैमरे चालू और व्यवस्थित स्थिति में रहें। सभी कैमरों का डायरेक्शन भी सही दिशा में हो। 
पुलिस अधिकारियों ने सभी संचालकों को सख्त हिदायत देते हुए स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी परिस्थिति में स्पा या मसाज पार्लर की आड़ में अनैतिक गतिविधियां संचालित नहीं होनी चाहिए। यदि भविष्य में किसी भी प्रतिष्ठान में कोई अनैतिक कार्य पाया जाता है, तो संबंधित संचालकों व प्रबंधकों के विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन का कहना है कि शहर में शांति, सुरक्षा और सुव्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह का चेकिंग व निगरानी अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।