प्राचीन खेड़ापति माता मंदिर में चोरी,आधा दर्जन पीतल के घंटे ले उड़े चोर

Sep 25 2026

भितरवार। नगर के प्रसिद्ध और प्राचीन खेड़ापति माता मंदिर में चोरों ने एक बार फिर चोरी की वारदात को अंजाम देकर श्रद्धालुओं की आस्था को ठेस पहुंचाई है। बीती रात अज्ञात चोर मंदिर के मुख्य दरवाजे का ताला तोडक़र अंदर प्रवेश कर गए और लोहे की जंजीरों से बंधे करीब आधा दर्जन बड़े पीतल के घंटे चोरी कर ले गए। सुबह पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे पुजारी को मंदिर का ताला टूटा मिला, जिसके बाद चोरी की घटना का खुलासा हुआ। सूचना मिलने पर भितरवार पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जानकारी के अनुसार नगर में स्थित खेड़ापति माता मंदिर को गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया। शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे जब मंदिर के पुजारी श्याम महाराज पूजा करने पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि मंदिर के बाहर के दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखने पर लोहे की जंजीरों से बांधकर टगें करीब आधा दर्जन बड़े पीतल के घंटे गायब मिले। चोर मंदिर में लगा एक छोटा घंटा छोड़ गए। मंदिर में चोरी की जानकारी फैलते ही श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना को लेकर लोगों में नाराजगी देखी गई। मंदिर के पुजारी श्याम महाराज ने बताया कि खेड़ापति माता मंदिर में एक साल के भीतर चोरी की यह तीसरी घटना है। इससे पहले भी अज्ञात चोर मंदिर के ताले तोडक़र घंटे चोरी कर चुके हैं। बार-बार मंदिर को निशाना बनाए जाने से श्रद्धालुओं में चिंता और आक्रोश है। पुजारी के मुताबिक, पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं के बावजूद अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। लगातार हो रही घटनाओं से मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है। कि मंदिर के आसपास अक्सर नशेडिय़ों का जमावड़ा लगा रहता है। लोगों ने आशंका जताई है कि आसपास सक्रिय असामाजिक तत्वों द्वारा ही मंदिर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया होगा। हालांकि, चोरी के पीछे किन लोगों का हाथ है, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। मंदिर प्रबंधन और पुजारी की ओर से चोरी की सूचना भितरवार पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी और टीम मौके पर पहुंचे और आवश्यक जांच शुरू की वहीं इस संबंध में थाना प्रभारी बलबीर मावई ने बताया कि खेड़ापति माता मंदिर से घंटे चोरी होने की जानकारी मिली है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी और मामले की जांच की जा रही है। चोरी की घटना से जुड़े सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने जल्द ही चोरों को गिरफ्तार करने की बात कही है।