भक्तिभाव से दी बप्पाको विदाई

Sep 25 2026

आज अनंत चतुर्दशी है और इस मौके पर देश भर में बप्पा को भावभीनी विदाई दी जा रही है। भक्तों की आंखें इस मौके पर काफी नम है पर काफी उत्साह भी देखने को मिल रहा है। ग्वालियर में तो इस विदाई के मौके पर इंद्रदेवता भी पसीज गए और सुबह से शुरु फुहार के बीच भक्त अपने-अपने बप्पा को विदा करने के लिए सागर ताल पहुंचने लगे। गणेश महोत्सव का शुक्रवार को अंतिम दिन था। इसलिए  शुक्रवार सुबह से सागरताल के पास बने अस्थायी कुंड सहित विभिन्न जलाशयों पर प्रतिमाएं विसर्जन करने के लिए भक्तों की भीड़ लगी हुई है। अनंत चतुर्दशी पर भक्तिभाव से सराबोर, बैंड-बाजे और ढोल-नगाड़ों की धुन पर गुलाल उड़ाते हुए धूमधाम के साथ प्रतिमा विसर्जन चल समारोह निकले। शहर में हर ओर चल समारोहों में भगवान गणेश के भजन गूंज रहे हैं। मंदिरों में बज रहे घंटे घडिय़ाल राहगीरों के मन को आनंदित कर रहा था। वहीं अचलेश्वर महादेव पर विराजे गणेशजी की प्रतिमा को नूराबादपर सांक नदी में विसर्जन किया गया। अनंत चतुर्दशी पर भक्तों में भारी उत्साह था। भक्त बैंड-बाजे और ढोल-नगाड़ों की धुन पर धूमधाम के साथ प्रतिमा विसर्जन चल समारोह निकाल रहे थे। 
सडक़ों पर तैनात रहे पुलिसकर्मी
श्रीजी की प्रतिमा विसर्जन के दौरान कोई घटना घटित न हो जाए इसके लिए सागरताल पर पुलिस तैनात थी और प्रतिमा विसर्जन करने वालों की सुरक्षा में लगी थी। पुलिस अफसर विधि-विधान के साथ गोताखोरों की मदद से गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन करा रहे थे और पानी में जाने से श्रद्धालुओं को रोक रहे थे। गोताखोर प्रतिमाएं लेकर पानी के बीचों बीच विसर्जित कर रहे थे।