लायंस क्लब इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3233 ई-1 का ‘सेवा संकल्प’ दो अक्टूबर से

Sep 25 2026

ग्वालियर: सेवा को संकल्प और संकल्प को जनभागीदारी से जोड़ते हुए लायंस क्लब इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3233 ई-1 के द्वारा ‘सेवा संकल्प’ लायंस सर्विस वीक आयोजित किया जाएगा। इसके तहत दो से आठ अक्टूबर तक शहर के 44 लायंस क्लब प्रतिदिन अलग-अलग सेवा गतिविधियां करेंगे। सर्विस वीक के पोस्टर का विमोचन बैठक में किया गया। सेवा कार्यों के लिए क्लबों को 10 अक्टूबर को अवार्ड सेरेमनी में सम्मानित किया जाएगा। सर्विस वीक चेयरमैन नरेंद्र सिंघल ने बताया कि सप्ताह के दौरान प्रत्येक क्लब को निर्धारित सेवा गतिविधियों से जोड़ा गया है। दो अक्टूबर को विश्व शांति रैली, तीन को दिव्यांग सहायता शिविर, चार को मधुमेह या स्वास्थ्य शिविर, पांच को पीस पोस्टर, छह को पशु-पक्षी सेवा अथवा अन्नपूर्णा सेवा, सात को स्वच्छता अभियान और आठ को कैंसर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। विश्व शांति रैली का आयोजन लायंस क्लब ग्वालियर सिटी के आतिथ्य में, कैंसर जागरूकता कार्यक्रम लायंस क्लब ग्वालियर के आतिथ्य में होगा। बैठक में पूर्व प्रांतपाल नितिन मांगलिक, पूर्व प्रांतपाल सुनील गोयल, चीफ एरिया लीडर अजय सप्रा, रीजन चेयरमैन राकेश अग्रवाल, सर्विस वीक के पीआरओ डा. रजनीश नीखरा एवं ज्योति अग्रवाल उपस्थित रहे।