महर्षि दधीचि के विचार आज भी समाज को दिशा देते हैं: भार्गव

Sep 20 2026

ग्वालियर। विप्र महासभा की ओर से शनिवार को मॉडल टाउन स्थित शिव शक्ति धाम में महर्षि दधीचि का प्राकट्य दिवस श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सर्व ब्राह्मण संघ की राष्ट्रीय महामंत्री मधु भार्गव रहीं। अध्यक्षता सर्व ब्राह्मण महासंघ के युवा अध्यक्ष कपिल भार्गव ने की। कार्यक्रम की शुरुआत महर्षि दधीचि के चित्र पर माल्यार्पण एवं पूजन से हुई। इसके बाद अतिथियों ने महर्षि दधीचि के जीवन, त्याग और समाज के प्रति उनके योगदान पर विचार रखे। 
मुख्य अतिथि मधु भार्गव ने कहा कि महर्षि दधीचि का जीवन त्याग, समर्पण और परोपकार की प्रेरणा देता है। उन्होंने लोककल्याण के लिए अपना सर्वस्व समर्पित कर समाज के सामने सेवा और त्याग का आदर्श प्रस्तुत किया। उनके विचार आज भी समाज को एकता और समरसता के साथ आगे बढऩे की प्रेरणा देते हैं। मधु भार्गव ने कहा कि समाज को महर्षि दधीचि के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का प्रयास करना चाहिए। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे कपिल भार्गव ने कहा कि महर्षि दधीचि का जीवन समाजहित के लिए किए गए त्याग का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि महर्षि दधीचि के जीवन से हमें जरूरतमंदों की सहायता करने, समाज में एकता बनाए रखने और लोककल्याण के लिए आगे आने की सीख मिलती है। कपिल भार्गव ने महर्षि दधीचि के जीवन प्रसंगों की जानकारी भी दी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मधु भार्गव और अध्यक्ष कपिल भार्गव ने सामाजिक समरसता एवं समाजसेवा में योगदान के लिए जेपी शर्मा, संजय भार्गव, राजेश गुप्ता, रविप्रकाश गुप्ता, रूपेश शर्मा, बृजेश चतुर्वेदी, अवधेश तिवारी एवं शैलेंद्र शर्मा को समरसता सम्मान प्रदान किया। 
इस अवसर पर गीता शर्मा, अर्चना शर्मा, सुमन शर्मा, प्रियंका शर्मा, शोभा गुप्ता, सुनीता पाराशर, रीना भदौरिया, साधना शर्मा, जितेंद्र गुप्ता और संगीता गुप्ता सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।