पीजीव्ही कॉलेज में सेवा संकल्प अभियान 2026 हुआ शुरु

Sep 19 2026

ग्वालियर। पार्वतीबाई गोखले विज्ञान महाविद्यालय में सेवा संकल्प अभियान 2026  शुरू हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन करके किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ सुनील पाठक ने कार्यक्रम की रूपरेखा रखते हुए विद्यार्थियों को सेवा और संस्कार के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि समाज के जरूरतमंद लोगों के बीच जाकर सेवा कार्य करना चाहिए। मानव सेवा ही ईश्वर की सच्ची पूजा है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि समाज के लिए कार्य करने वाले प्रमुख महापुरुषों में स्वामी विवेकानंद, ईश्वरचंद्र विद्यासागर, ज्योतिबा फुले जैसे महान व्यक्तित्व हुए हैं जो आज भी अपने कार्यों के लिए याद किए जाते हैं। 
इस अवसर पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए पीजीवी के राष्ट्रीय सेवा योजना अधिकारी संजय त्रिवेदी ने कहा कि सेवा कार्य कहां करना है, किसके लिए करना है, यह जानना भी आवश्यक है। उन्होंने गरीब एवं वंचित वर्ग के बच्चों को पढ़ाने और उनकी शिक्षा संबंधी आवश्यकताओं की पूर्ति हेतु आगे आने का आह्वान किया। डॉ. त्रिष्टुप चंसोलिया ने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि समाज के विभिन्न वर्गों के बीच जाकर सेवा कार्य करें। समाज की सेवा करके हम राष्ट्र की सेवा कर सकते हैं और राष्ट्र को महान बना सकते हैं। इस अवसर पर एक निबंध प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। जिसका विषय था_ हमारे उत्सव और भारतीय संस्कृति। यह प्रतियोगिता दो कैटेगरी में विभाजित की गई, स्कूल एवं कॉलेज। 
इस प्रतियोगिता का संचालन डॉक्टर वंदना सेन, प्रशांत पांडे, शिवानी उपाध्याय, स्वर्णा दुबे, अर्जुन कुशवाह एवं संजय त्रिवेदी ने किया। प्रतियोगिता की निर्णायक डॉ. मंदाकिनी शर्मा, डॉ. सरिता दीक्षित थीं। निर्णायक मंडल एवं निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं को नवनीत पचौरी एवं प्राचार्य डॉ सुनील पाठक द्वारा स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।