ग्वालियर में मौसमी बीमारियों का बढ़ता प्रकोप, 3 एच1एन1 व 2 डेंगू मरीज मिले

Sep 19 2026

ग्वालियर। बदलते मौसम और लगातार बारिश के बीच ग्वालियर में मच्छरजनित और संक्रामक बीमारियों के मरीज बढ़ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक पिछले 48 घंटे में ही डेंगू और स्वाइन फ्लू के 5 नए मरीज मिले हैं। इनमें स्वाइन फ्लू के 3 और डेंगू के 2 मरीज शामिल हैं। डेंगू के नए मरीजों में एक 5 साल का बच्चा भी है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
 स्वाइन फ्लू के तीन नए मामलों में एक की जांच जीआरएमसी की वायरोलॉजी लैब में हुई, जबकि दो मरीजों की रिपोर्ट निजी पैथोलॉजी लैब से पॉजिटिव आई है। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने निजी लैब से रोजाना जांच रिपोर्ट का डेटा लेना शुरू किया है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक इस साल अब तक 10 मरीजों में एच1एन1 संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। इनमें से दो मरीज उपचार के बाद स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। पिछले दो दिनों में डेंगू के दो नए मरीज मिले हैं। इनमें एक 5 वर्षीय बच्चा भी शामिल है। नए मामलों के बाद जिले में इस साल अब तक डेंगू के पुष्ट मामलों की संख्या 96 हो गई है। आइसोलेशन वार्ड में संक्रमित मरीजों की निगरानी
अस्पताल में संक्रमित मरीजों को विशेष आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक पूर्व में भर्ती मरीजों में से दो स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं। निजी लैब से स्वाइन फ्लू के दो नए मामले सामने आने के बाद विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। जीआरएमसी की वायरोलॉजी लैब को भी सैंपल की जांच के लिए अलर्ट रखा गया है।