आतंकवाद और नक्सलवाद का खात्मा कर देश को प्रगति के पथ पर दौड़ा रहे प्रधानमंत्री:नरोत्तम मिश्रा

Sep 18 2026

भितरवार। कांग्रेस शासन के समय पैदा हुई समस्याओं को खत्म करने का काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने किया है। प्रधानमंत्री ने आतंकवाद और नक्सलवाद के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करते हुए देश को विकास और प्रगति के पथ पर तेजी से आगे बढ़ाने का काम किया है। यह बात मध्यप्रदेश के पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने शुक्रवार को हरसी बांध पर आयोजित स्नेह सम्मेलन (गोठ) में कही। भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा आयोजित स्नेह सम्मेलन में डॉ. नरोत्तम मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका पुष्पमालाओं से स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह नजर आया।
वहीं कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि केंद्र सरकार गांव,गरीब और किसान हितैषी सरकार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा समाज के प्रत्येक वर्ग को लाभ पहुंचाने के लिए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं के माध्यम से गरीब,किसान और ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि देश में विकास की गति तेज हुई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को नई दिशा मिली है और सरकार सुरक्षा के साथ-साथ विकास के क्षेत्र में भी लगातार काम कर रही है।कार्यक्रम से पूर्व भाजपा कार्यकर्ताओं ने डॉ. नरोत्तम मिश्रा का पुष्पमाला पहनाकर जोरदार स्वागत किया।
इस अवसर पर महर्षि पतंजलि संस्कृत संस्थान के अध्यक्ष कौशल शर्मा, डबरा कृषि उपज मंडी के पूर्व अध्यक्ष मुकेश बंटी गौतम, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बीरेंद्र जैन, लखेश्वरी भाजपा मंडल अध्यक्ष रामेश्वर रावत, भितरवार मंडल अध्यक्ष नरेंद्र रावत, चीनोर मंडल अध्यक्ष राकेश शिवहरे, ब्रजेश पालीवाल, धर्मेंद्र चौधरी, पार्षद गजब सिंह रावत, सुमत प्रकाश जैन, पार्षद जितेंद्र सिंह, चंचल राठौर, सतेंद्र धाकड़, मुकेश पाल, रामवीर गुर्जर, सरपंच वीरू रावत, केपी पांडे, दीपक भार्गव, रिंकू गुर्जर, शेलू गुर्जर आदि उपस्थित थे। 
नगर में जगह-जगह हुआ जोशीला स्वागत
हरसी बांध से कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा नगर से होकर निकले तो विभिन्न स्थानों पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। कई स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने पुष्पमालाएं पहनाकर उनका अभिनंदन किया, जबकि कुछ स्थानों पर जेसीबी मशीन से पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। घाटमपुर तिराहे पर सरपंच वीरू रावत ने अपने साथियों के साथ जेसीबी मशीन से पुष्पवर्षा कर पूर्व गृहमंत्री का स्वागत किया। इसके बाद मेन तिराहे पर भाजपा नेता एवं पार्षद रघुबीर सिंह यादव, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष राजेंद्र दिघर्रा, मोहन मोदी, पूर्व मंडल अध्यक्ष अनंत कुमार जैन, भाजपा नेता श्रीकृष्ण यादव और पुरुषोत्तम दिघर्रा सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने पुष्पमाला पहनाकर उनका स्वागत किया।
बस स्टैंड पर भी भाजपा नेता बीनू पटेल, पार्षद सुमत प्रकाश जैन और जितेंद्र सिंह ने डॉ. नरोत्तम मिश्रा का जोशीला स्वागत किया। वहीं देवरी कांछा तिराहे पर भाजपा नेता पवन सिजोरिया और दीपक शर्मा ने जेसीबी मशीन से पुष्पवर्षा कर पूर्व गृहमंत्री का अभिनंदन किया। इस दौरान नगर के विभिन्न स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं की भीड़ और स्वागत के दौरान उत्साह का माहौल देखने को मिला।