बोलेरो सवार बदमाशों ने रूपयों के लेन-देन पर दो युवकों को गोली मारी

Sep 17 2026

ग्वालियर। हजीरा थाना क्षेत्र के आरामिल इलाके में बीती रात करीब 11:30 बजे फायरिंग हो गई। इसके पीछे रूपयों के लेन-देन का विवाद बताया जा रहा है। घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। काले रंग की बोलेरो से आए हथियारबंद बदमाशों की गोलीबारी में दो युवक घायल हो गए। एक युवक के पेट में गोली लगी है, उसकी हालत गंभीर है, जबकि दूसरे के पैर में गोली लगी है।
पुलिस के मुताबिक कांच मिल निवासी धीरज तोमर, अजय तोमर और लल्ला गुर्जर का अन्नू तोमर और सादिक खान से रूपयों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। तीनों आरोपी बीती रात बोलेरो से आरामिल पहुंचे थे। दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद अचानक गोलियां चलने लगीं।
घायल अजय के मुताबिक वह अपने घर के बाहर खड़ा था और विवाद देखने के लिए पहुंचा ही था, तभी गोली चल गई। एक गोली उसके पेट में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। सादिक खान के पैर में भी गोली लगी। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी और दोनों को अस्पताल पहुंचाया।
हजीरा थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि शुरुआती जांच में पैसों के लेन-देन का विवाद फायरिंग की वजह सामने आया है। घायलों की शिकायत और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार फुटेज में धीरज तोमर, अजय तोमर और लल्ला गुर्जर की मौजूदगी सामने आई है। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। शहर में नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की जा रही है।