लायंस क्लब ग्वालियर मैत्री ने धूमधाम से मनाया नंदोत्सव

Sep 17 2026

ग्वालियर। लायंस क्लब ग्वालियर मैत्री द्वारा नंदोत्सव कार्यक्रम का आयोजन हर्षोल्लास, उमंग और मस्ती के साथ किया गया। कार्यक्रम में क्लब के सदस्यों एवं अतिथियों ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की खुशियां मनाईं और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लिया। कार्यक्रम में क्लब के संस्थापक अध्यक्ष पीएमजेएफ लायन नरेंद्र सिंघल, ज़ोन चेयरपर्सन लायन प्रवीण गुप्ता, पूर्व अध्यक्ष लायन बल्लभ दास सिंघल, अध्यक्ष लायन रघुवंश मणि अग्रवाल, सचिव लायन अमित गुप्ता एवं कोषाध्यक्ष लायन मोहित बंसल सहित अन्य क्लबों के अनेक अतिथियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान क्लब की महिला सदस्यों ने शानदार गरबा एवं डांडिया नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। उनकी उत्साहपूर्ण प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को आनंद और उल्लास से भर दिया।गरबा एवं डांडिया की शानदार प्रस्तुति के लिए नेहा जैन, मोनिका गुप्ता, सुनीता सिंघल एवं निशा अग्रवाल ने संयोजक के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
नंदोत्सव में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की मनमोहक प्रस्तुति भी दी गई, जिसे सभी ने खूब सराहा। इसके साथ ही आमंत्रित कलाकारों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण फूलों की होली रहा, जिसमें क्लब सदस्यों ने एक-दूसरे पर फूल बरसाकर जमकर आनंद लिया। इस दौरान पूरा माहौल कृष्ण भक्ति, प्रेम और उत्साह से सराबोर हो गया।
इसके पश्चात सदस्यों ने श्रीकृष्ण के भजनों एवं मधुर गीतों पर जमकर नृत्य किया और गीतों की जुगलबंदी का आनंद उठाया। सभी ने मिलकर खूब मस्ती की और नंदोत्सव को यादगार बना दिया। कार्यक्रम के आयोजन में कार्यक्रम संयोजक लायन पंकज गोयल, लायन दीपक जैन एवं लायन नरेश अग्रवाल का विशेष योगदान रहा। नंदोत्सव कार्यक्रम ने लायंस क्लब ग्वालियर मैत्री की एकता, आपसी प्रेम, सौहार्द और उत्सवप्रियता को प्रदर्शित किया। कार्यक्रम का समापन हंसी-खुशी, भक्ति एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में हुआ।