सेवा भारती द्वारा प्रताप नगर टापू मोहल्ला बस्ती में गोद भराई कार्यक्रम संपन्न

Sep 13 2026

ग्वालियर। सेवा भारती जिला लश्कर द्वारा प्रताप नगर टापू मोहल्ला बस्ती में सुपोषण जागरूकता अभियान के अंतर्गत 12 गर्भवती महिलाओं की गोद भराई का कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से सेवा भारती प्रांत कार्यकारिणी सदस्य श्रीमती विनीता जैन एवं महिला आयाम प्रमुख श्रीमती गीता उपाध्याय उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर श्रीमती गीता उपाध्याय ने उपस्थित माता-बहनों को सुपोषण और गोद भराई से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने बताया कि गर्भावस्था के दौरान साफ-सुथरा रहना, तनावमुक्त रहना, समय पर आराम और नियमित स्वास्थ्य जांच बहुत जरूरी है। भोजन में हरी पत्तेदार सब्जियां, फल, दूध, दालें, गुड़, मूंगफली, अंकुरित अनाज और मोटा अनाज अवश्य शामिल करें। उन्होंने यह भी बताया कि गर्भवती महिलाओं के लिए आयरन-फोलिक एसिड और कैल्शियम की गोलियां डॉक्टर के परामर्श अनुसार नियमित लेना बहुत आवश्यक है, जिससे खून की कमी न हो और हड्डियों व शिशु का विकास सही हो। साथ ही टीकाकरण और डॉक्टर द्वारा बताई गई सभी दवाइयां समय पर लेना चाहिए। कार्यक्रम में सेवा भारती जिला लश्कर के पूर्णकालिक सत्येंद्र राजपूत एवं निरीक्षिका श्रीमती अर्चना नामदेव भी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर कुल 50 माता-बहनें उपस्थित रहीं, जिनके द्वारा बधाई गीत गाए गए और कार्यक्रम के पश्चात बस्ती की सभी माता-बहनों को सुपोषण से संबंधित पत्रक वितरित किए गए।