सिंगल रॉड सबडर्मल गर्भनिरोधक इम्प्लांट पर दो दिवसीय टीओटी प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न

Sep 13 2026

ग्वालियर। गजराजा मेडिकल कॉलेज के स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग, कमला राजा अस्पताल में नए सिंगल रॉड सबडर्मल गर्भनिरोधक इम्प्लांट के संबंध में आयोजित दो दिवसीय ट्रेनिंग ऑफ ट्रेनर्स (टीओटी) प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन  एवं संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या कोष द्वारा किया गया, जबकि फैमिली प्लानिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया, ग्वालियर एवं गजराजा मेडिकल कॉलेज के सहयोग से प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दूसरे दिन प्रतिभागी चिकित्सकों को इम्प्लांट इंसर्शन की व्यावहारिक प्रक्रिया का प्रशिक्षण दिया गया। सभी प्रशिक्षुओं को ऑपरेशन रूम में ले जाकर वास्तविक लाभार्थियों में इम्प्लांट लगाने की प्रक्रिया का प्रत्यक्ष प्रशिक्षण प्रदान किया गया। व्यावहारिक प्रशिक्षण के दौरान सभी प्रशिक्षित चिकित्सकों/ट्रेनर्स ने स्वयं दो-दो इम्प्लांट इंसर्ट किए, जिससे उन्हें निर्धारित तकनीक, सुरक्षित इंसर्शन, संक्रमण नियंत्रण तथा लाभार्थी की आवश्यक काउंसलिंग का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त हुआ। दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान कुल 38 सिंगल रॉड सबडर्मल गर्भनिरोधक इम्प्लांट इंसर्ट किए गए। इस दौरान लाभार्थियों को इम्प्लांट की उपयोगिता, प्रभावशीलता, संभावित लाभ, आवश्यक सावधानियों तथा फॉलोअप के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी गई।
काउंसलिंग में रहा विशेष योगदान
लाभार्थियों को इम्प्लांट के संबंध में जागरूक करने एवं उनकी काउंसलिंग में डॉ. वृन्दा जोशी ने गजराजा मेडिकल मेडिकल कॉलेज के स्त्री एबं प्रसूति रोग विशेषज्ञ विभाग में किया गया योगदान रहा। उन्होंने लाभार्थियों को उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप गर्भनिरोधक विकल्प के संबंध में जानकारी प्रदान की तथा इम्प्लांट से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं को सरल भाषा में समझाया।
ट्रेनर्स को प्रदान किए गए प्रमाण-पत्र
दो दिवसीय प्रशिक्षण के सफल समापन के अवसर पर प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले ट्रेनर्स को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। प्रमाण-पत्र वितरण के दौरान अतिथियों एवं मास्टर ट्रेनर्स ने सभी प्रतिभागी चिकित्सकों को सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूर्ण करने तथा परिवार नियोजन सेवाओं को मजबूत बनाने में उनकी भूमिका के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने कहा कि आधुनिक एवं प्रभावी गर्भनिरोधक विकल्पों के संबंध में स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं का तकनीकी एवं व्यावहारिक रूप से प्रशिक्षित होना अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रशिक्षित स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं के माध्यम से योग्य महिलाओं तक सुरक्षित, प्रभावी एवं लंबे समय तक चलने वाली गर्भनिरोधक सेवाओं की पहुंच को और बेहतर बनाया जा सकेगा।
कार्यक्रम में डॉ रोज़ा ओल्याई,डॉ. वृन्दा जोशी, डॉ. यशोधरा गौर, डॉ. अर्चना मौर्य, डॉ. सोनल कुलश्रेष्ठ, डॉ. नीलम राजपूत, डॉ. अचला सहाय, डॉ. रेनू जैन, डॉ. प्रतिभा गर्ग, डॉ. परिभाषिता मिश्रा, डॉ. प्रीति शर्मा, डॉ. दिव्या सिन्हा डॉ मेगा बंदील डॉ, राजकिशोरी डंडोटिया एवं डॉ. मनीषा चौहान सहित चिकित्सकों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. विबिता दास ने निभाई।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर आयोजकों, मास्टर ट्रेनर्स, चिकित्सकों, स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधियों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी गई। सभी ने भविष्य में भी इसी प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से परिवार नियोजन सेवाओं को और सुदृढ़ करने तथा अधिक से अधिक पात्र महिलाओं तक आधुनिक गर्भनिरोधक सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने का संकल्प व्यक्त किया।
दो दिवसीय यह टीओटी प्रशिक्षण कार्यक्रम स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं को सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ प्रत्यक्ष व्यावहारिक दक्षता प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा। कार्यक्रम के माध्यम से प्रशिक्षित ट्रेनर्स भविष्य में अन्य स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं को भी प्रशिक्षित कर सकेंगे, जिससे सिंगल रॉड सबडर्मल गर्भनिरोधक इम्प्लांट की सेवाओं का विस्तार करने में सहायता मिलेगी।