गणपति की भक्ति के साथ प्रकृति की रक्षा का दिया संदेश

Sep 12 2026

ग्वालियर। जलस्रोतों के संरक्षण और पर्यावरण जागरुकता के लिए नीर अमृत रक्षा अभियान द्वारा शनिवार सुबह जन-जागरण यात्रा निकाली गई। यात्रा महाराज बाड़ा स्थित हनुमान मंदिर से शुरू होकर पाटनकर चौराहा, शिंदे की छावनी होते हुए लक्ष्मीबाई कॉलोनी स्थित सिद्ध पीठ गंगा दास की बड़ी शाला पहुंची। यात्रा में शामिल लोगों ने 100 कदम चलकर जलस्रोतों की रक्षा का संकल्प लिया।
हाथों में तख्तियां और बैनर लिए लोगों ने नदी, तालाब और झरनों में विसर्जन न करने का संदेश दिया। अभियान के संयोजक नवल किशोर बोहरे ने बताया कि अभियान का उद्देश्य लोगों को जल की महत्ता समझाना है। प्रथम चरण में स्कूलों और मंदिरों में जागरुकता अभियान चलाया गया था, अब द्वितीय चरण में जन-जागरण यात्राओं के माध्यम से लोगों को जोड़ा जा रहा है। 
आगामी गणेशोत्सव को देखते हुए यात्रा में लोगों से मिट्टी की छोटी और पर्यावरण अनुकूल गणेश प्रतिमाएं अपनाने और घर पर ही विसर्जन करने का आह्वान किया गया, ताकि आस्था के साथ-साथ जलस्रोत भी सुरक्षित रहें। यात्रा में मुख्य रूप से पूरन वेराठी पीठाधीश्वर स्वामी राम सेवक दास महाराज शामिल हुए। इस दौरान इंजी. विनोद कुमार अस्टेया सहित विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।