कॉम्बिंग गश्त के दौरान बदमाश बालकनी से कूदा, पुलिस ने पकड़ा, रातभर में 203 वारंटी गिरफ्तार

Sep 12 2026

ग्वालियर। पुलिस ने बीती रात पूरे जिले में कॉम्बिंग गश्त की। कॉम्बिंग गश्त में 50 से ज्यादा पुलिस टीमों ने शहर और देहात के संवेदनशील इलाकों में दबिश दी। इस दौरान ग्वालियर देहात में एक स्थाई वारंटी पुलिस को देखकर बालकनी से कूदकर भागने लगा पर पहले से मुस्तैद पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया। पुलिस ने रातभर चले अभियान में 203 फरार वारंटियों को पकड़ा है। इनमें 104 स्थाई वारंट और 99 गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए। इसके अलावा पुलिस ने 132 गुंडों और 119 हिस्ट्रीशीटरों समेत 251 बदमाशों को घर-घर जाकर चेक किया। जिला बदर आरोपियों को उनके घरों पर चेक कर आपराधिक गतिविधियों से दूर रहने की चेतावनी दी गई।
एसएसपी धर्मवीर सिंह ने खुद कॉम्बिंग गश्त की निगरानी की। उनके साथ एएसपी सुजावल जग्गा, डॉ. शिवेश सिंह बघेल, जयराज कुबेर समेत एसडीओपी, डीएसपी, सीएसपी और थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मैदान में रहे।
देहात क्षेत्र में पुलिस टीम स्थाई वारंटी की तलाश में उसके ठिकाने पर पहुंची। पुलिस को देखते ही आरोपी ने बचने के लिए बालकनी से छलांग लगा दी और भागने की कोशिश की। हालांकि पुलिस टीम पहले से सतर्क थी। घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया और थाने लाया गया। 
होटल-लॉज से लेकर संदिग्ध वाहनों तक चेकिंग
कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने बदमाशों के ठिकानों के साथ होटल, लॉज, धर्मशाला, ढाबे और बैंक एटीएम भी चेक किए। जेल से छूटे अपराधियों की भी निगरानी की गई। मुंह बांधकर दोपहिया वाहन चलाने वालों और संदिग्ध वाहनों की सघन तलाशी ली गई।
अवैध शराब, हथियार और जुए पर भी कार्रवाई
अभियान के दौरान शहर के इंदरगंज, सिरोल, मुरार, पुरानी छावनी, महाराजपुरा, यूनिवर्सिटी और ग्वालियर थाना क्षेत्र में अवैध शराब के मामले दर्ज किए गए। देहात के डबरा सिटी, पिछोर, आंतरी, चीनोर और उटीला में भी कार्रवाई हुई।
बहोड़ापुर, गिरवाई, यूनिवर्सिटी और बिजौली थाना क्षेत्र में अवैध हथियार के मामले दर्ज किए गए। कंपू और पुरानी छावनी में जुए पर कार्रवाई हुई। महाराजपुरा पुलिस ने गांजा जब्त कर एनठीपीसीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।
एसएसपी ने कहा कि त्योहारों के दौरान शहर की शांति और सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। वारंटियों और असामाजिक तत्वों की धरपकड़ के लिए कॉम्बिंग गश्त आगे भी जारी रहेगा।