कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए गब्बर खां पठान ने रोया दुखड़ा , बोले कार्यक्रमों में नहीं बुलाते मुझे

Sep 10 2026

भितरवार। कांग्रेस छोडक़र भाजपा में शामिल हुए  गब्बर खां पठान काफी मायूस दिखाई दिए हैं। मान सम्मान मिलने जैसी उम्मीद के साथ नगर परिषद अध्यक्ष बलदेव अग्रवाल के समक्ष भाजपा का दामन थामने वाले गब्बर खां पठान ने पार्टी के कार्यक्रमों की सूचना न मिलने पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि में वर्षों तक कांग्रेस में रहा कांग्रेस ने जिला उपाध्यक्ष बनाया। कांग्रेस का यह पद छोडक़र मान सम्मान के लिए भाजपा में शामिल हुआ। इसके बाद कई दिन बीत गए लेकिन आज तक भाजपा के किसी भी कार्यक्रम की मुझे कोई सूचना नहीं दी गई। उल्लेखनीय है। कि लगभग तीन माह पहले नगर परिषद अध्यक्ष बलदेव अग्रवाल ने अपने निवास पर एक कार्यक्रम आयोजित कर कांग्रेस नेता गब्बर खां पठान को भाजपा में शामिल किया था। वरिष्ठ भाजपा नेताओं की मौजूदगी में शामिल हुए कांग्रेस नेता को नगर परिषद अध्यक्ष श्री अग्रवाल ने पार्टी की जन हितैषी नीतियों की जानकारी देते हुए उनसे पार्टी के आवश्यक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने की बात कही थी। लेकिन आज तक गब्बर खां पठान को भाजपा के किसी कार्यक्रम में नहीं बुलाया गया। जिस पर गुरुबार को दुखड़ा रोते हुए गब्बर खां पठान ने कहा कि में भाजपा में मान सम्मान के लिए शामिल हुआ था। मुझे पार्टी के किसी भी कार्यक्रम की सूचना नहीं मिलती। वहीं उन्होंने कहा कि जिस उम्मीद के साथ कांग्रेस को अलविदा कहा वह उम्मीद पूरी नहीं हुई। जिन्होंने मुझे भाजपा में शामिल किया था उन्होंने बहुत कुछ कहा था मुझसे में कहना नहीं चाहता। वहीं गब्बर खां पठान ने कहा कि अगर मुझे पार्टी के कार्यक्रमों में बुलाते तो में कई लोगों को पार्टी से जोड़ता। वहीं पूछने पर उन्होंने कहा कि भाजपा में शामिल कराते समय मेरी कोई सदस्यता पर्ची नहीं काटी गई। वहीं गब्बर खां पठान की प्रतिक्रिया सामने आने के बाद नगर राजनैतिक माहौल गर्मा गया है। लोगों द्वारा तरह तरह की चर्चाएं की जा रहीं हैं।