एलएनआईपीई में छात्रा की मौत पर छात्रों द्वारा प्रदर्शन कर परिवार को 50 लाख मुआवजे की मांग

Sep 10 2026

ग्वालियर। लक्ष्मीबाई नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फिजिकल एजुकेशन (एलएनआईपीई) के बाहर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एकत्रित हुए। गुवाहाटी परिसर में हाल ही में हुई एक छात्रा की मौत के विरोध में छात्रों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने दिवंगत छात्रा के परिवार को 50 लाख रुपए मुआवजा देने और मामले में जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की। छात्रों ने दिवंगत छात्रा को श्रद्धांजलि भी दी। उनका कहना है कि मांगें पूरी होने तक प्रदर्शन जारी रहेगा।
छात्रों के अनुसार, मृत छात्रा श्रुति बीपीएड थर्ड ईयर की छात्रा थी और टेनिस खिलाड़ी भी थी। पिछले करीब पांच-सात दिनों से उसकी तबीयत खराब थी और वह लगातार हेल्थ सेंटर जा रही थी। छात्रों का आरोप है कि पेट दर्द और गैस की समस्या बताने पर उसे बार-बार दवाएं और पेनकिलर दी गईं। छात्रा ने मेडिकल लीव लेकर घर जाने की अनुमति भी मांगी थी, लेकिन वार्डन ने अनुमति नहीं दी।
छात्रों का कहना है कि बाद में छात्रा की हालत गंभीर हो गई। आरोप है कि अपेंडिक्स फटने के बाद उसके शरीर में संक्रमण फैल गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इसी घटना को लेकर ग्वालियर परिसर के छात्रों ने विरोध शुरू किया है।
छात्रों के मुताबिक, गुवाहाटी परिसर में भी विद्यार्थी प्रदर्शन कर रहे हैं। उनकी मुख्य मांग छात्रा के परिवार को 50 लाख रुपए मुआवजा देने और मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की है।
एलएनआईपीई के प्रभारी कुलसचिव प्रो. यतेंद्र तोमर ने घटना को बेहद दुखद बताया। उन्होंने कहा कि पूरे एलएनआईपीई परिवार ने एक छात्रा को खोया है। छात्रों से संपर्क कर उनकी मांग जानने का प्रयास किया गया है। कुलसचिव के मुताबिक, कुलपति भी गुवाहाटी पहुंचकर वहां छात्राओं से चर्चा कर रही हैं। उन्होंने बताया कि मामले की विस्तृत जांच के लिए समिति बनाई जाएगी। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। प्रो. तोमर के अनुसार, घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित डॉक्टर को तत्काल टर्मिनेट कर दिया गया है।
प्रो. तोमर ने बताया कि छात्रा के इलाज का पूरा खर्च संस्थान ने वहन किया। इसके अलावा शिक्षकों और विद्यार्थियों ने भी राशि एकत्रित कर परिवार की मदद की है। इंश्योरेंस सहित अन्य व्यवस्थाओं के तहत भी परिवार को सहयोग देने का प्रयास किया जा रहा है।