अनुशासन और राष्ट्रसेवा से मजबूत होता है युवा नेतृत्व: कर्नल दुआ

Sep 09 2026

ग्वालियर। 8 एमपी बटालियन एनसीसी के सीएटीसी-46 कैंप का शुभारंभ डोगरा रेजिमेंट मुरार कैंट एरिया में ओपनिंग एड्रेस के साथ हुआ। कैंप में शहर के विभिन्न संस्थानों से आए 425 एनसीसी कैडेट्स उत्साह के साथ भाग ले रहे हैं। कैंप का आयोजन 8 एमपी बटालियन एनसीसी द्वारा किया जा रहा है।
कैंप के कमान अधिकारी कर्नल सुमित दुआ ने कैडेट्स को संबोधित करते हुए अनुशासन, नेतृत्व, राष्ट्रसेवा और जिम्मेदारी के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि एनसीसी कैंप युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, समयबद्धता, टीम भावना और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कैडेट्स से कैंप के दौरान होने वाले सभी प्रशिक्षण और गतिविधियों में अनुशासन तथा टीम भावना के साथ भाग लेने का आह्वान किया। कैंप के एडम ऑफिसर कर्नल एचएस अहलुवालिया ने कैडेट्स को कैंप की व्यवस्थाओं और आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी दी। कैंप एड्जुटेंट कैप्टन डॉ. समीर भार्गव ने ड्रिल, फायरिंग, शारीरिक प्रशिक्षण सहित अन्य गतिविधियों की जानकारी दी।
आरडीसी के लिए होगा चयन
कैंप का प्रमुख आकर्षण आगामी गणतंत्र दिवस परेड कैंप (आरडीसी) के लिए कैडेट्स का चयन और प्रशिक्षण रहेगा। सीएटीसी-46 के दौरान कैडेट्स को ड्रिल, फायरिंग, शारीरिक प्रशिक्षण, नेतृत्व प्रशिक्षण सहित एनसीसी की विभिन्न गतिविधियों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इन गतिविधियों के माध्यम से कैडेट्स में व्यक्तित्व विकास और नेतृत्व क्षमता को निखारने का प्रयास किया जाएगा। कैंप के शुभारंभ अवसर पर कैडेट्स में खासा उत्साह नजर आया। आगामी दिनों में प्रशिक्षण के साथ सांस्कृतिक और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। इस अवसर पर एसएम राजवंत सिंह, एनसीसी ऑफिसर लेफ्टिनेंट मुश्ताक अली, एसओ आरएस तोमर, केयरटेकर अर्चना भदौरिया सहित एनसीसी के अन्य अधिकारी, सूबेदार और पीआई स्टाफ मौजूद रहे।