तालाब में डूबने से 12 साल के छात्र की मौत

Sep 09 2026

ग्वालियर। बहोड़ापुर थाना क्षेत्र में बारिश के पानी से भरे तालाब में डूबने से 12 साल के छात्र की मौत हो गई। छात्र घर से दोस्तों के साथ मंदिर जाने की बात कहकर निकला था। बाद में दोस्तों के साथ खेलते हुए वह बारिश के पानी से भरे तालाब तक पहुंच गया और नहाने के दौरान गहरे पानी में चला गया।
मृतक की पहचान 12 वर्षीय लखन जाटव पुत्र शुगर सिंह के रूप में हुई है। उसका परिवार मूल रूप से आरोन थाना क्षेत्र के रानी घाटी का रहने वाला है। वर्तमान में परिवार मोती झील क्षेत्र में किराए के कमरे में रह रहा था। लखन दूसरी कक्षा का छात्र था। दोपहर करीब 2 बजे लखन घर से निकला था। परिजनों को उसने दोस्तों के साथ मंदिर जाने की बात बताई थी। दोस्तों के साथ खेलते हुए वह बहोड़ापुर क्षेत्र में बारिश के पानी से भरे तालाब के पास पहुंच गया। यहां नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। लखन को डूबता देखकर उसके साथ मौजूद दोस्तों ने शोर मचाया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही बहोड़ापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों और गोताखोरों की मदद से तालाब में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद लखन का शव पानी से बाहर निकाला जा सका। पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर शवगृह भिजवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपकर बहोड़ापुर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।