सेवा भारती द्वारा महाराज बाड़े पर सुपोषण जागरूकता अभियान चलाया

Sep 07 2026

ग्वालियर। सेवा भारती जिला लश्कर द्वारा सोमवार को महाराज बाड़ा पुलिस चौकी, पर सुपोषण जागरूकता कार्यक्रम में सेवा भारती ग्वालियर महानगर समन्वयक कैलाश कुशवाह, प्रांत कार्यकारिणी सदस्य श्रीमती विनीता जैन एवं लश्कर जिला सचिव ललित मिश्रा उपस्थिति रही। 
सुपोषण जागरूकता कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि सुपोषण का अर्थ केवल पेट भरना नहीं, बल्कि शरीर को सही मात्रा में प्रोटीन, विटामिन, खनिज और ऊर्जा देना है। आज भी हमारे समाज में जानकारी के अभाव में कुपोषण की समस्या बनी हुई है, जिसका सीधा असर माताओं और बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ता है। गर्भवती माताओं के लिए हरी सब्जी, दाल, दूध, फल और आयरन युक्त आहार अति आवश्यक है। 0 से 5 वर्ष के बच्चों में पहले 1000 दिन (गर्भ से 2 वर्ष तक) सबसे महत्वपूर्ण होते हैं। इस समय स्तनपान और घर का बना पौष्टिक आहार ही बच्चे का भविष्य तय करता है।दैनिक जीवन में जंक फूड से बचकर मोटा अनाज, अंकुरित अनाज एवं मौसमी फलों को अपनाना चाहिए।. पोषण के साथ-साथ स्वच्छता, साफ पानी और हाथ धोने की आदत भी सुपोषण का ही हिस्सा है।
सेवा भारती का संकल्प है सुपोषित माँ, सुपोषित बच्चा, सशक्त भारत इस अभियान के माध्यम से बस्ती-बस्ती जाकर माताओं-बहनों को जागरूक किया जाएगा।
इस अभियान में लश्कर जिला पूर्णकालिक सत्येंद्र राजपूत, निरीक्षिका श्रीमती संगीता सोनी, निरीक्षिका श्रीमती अर्चना नामदेव, श्रीमती ज्योति बाथम, श्रीमती मीना मित्तल, श्रीमती वंदना गुप्ता नीतू जाटव एवं पूनम परिहार आदि उपस्थित रहीं।