वीडियोकोच बस में भीषण आग, यात्रियों ने कूदकर बचाई जान, बुजुर्ग को सीपीआर देकर भर्ती कराया

Sep 06 2026

ग्वालियर।बीती रात भोपाल जा रही शरद ट्रैवल्स की वीडियोकोच बस में भीषण आग लग गई। चेतकपुरी स्थित विवेकानंद तिराहे पर रात करीब 9:30 बजे बस के पिछले हिस्से से अचानक लपटें उठीं। बस में करीब 25 यात्री सवार थे। आग फैलते ही यात्रियों ने खिड़कियों के कांच फोड़े और दरवाजे से कूदकर जान बचाई। हादसे में बुजुर्ग हार्ट पेशेंट धुएं के कारण बेहोश हो गए। उन्हें मौके पर सीपीआर देकर उसकी जान बचाई। बुजुर्ग को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया है।
बस रात करीब 9 बजे ग्वालियर रोडवेज बस स्टैंड से भोपाल के लिए रवाना हुई थी। करीब आधे घंटे बाद विवेकानंद तिराहे के पास यात्रियों को बस के अंदर धुआं दिखाई दिया। यात्रियों ने चालक और क्लीनर को इसकी जानकारी दी। इसके कुछ देर बाद बस तिराहे पर यात्रियों को बैठाने के लिए रुकी, तभी पिछले हिस्से से तेज लपटें उठने लगीं।
खिड़कियों के कांच तोडक़र बाहर निकले यात्री
आग तेजी से फैलने पर बस में चीख-पुकार मच गई। यात्रियों ने खिड़कियों के कांच तोड़े और दरवाजे व खिड़कियों से बाहर निकलना शुरू किया। बस स्टाफ और यात्रियों की मदद से सभी 25 यात्रियों को बाहर निकाल लिया गया। आग की सूचना मिलते ही करीब 10 मिनट में फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। दमकल की दो गाडिय़ों ने पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।
हादसे के दौरान बस में सवार एक बुजुर्ग हार्ट पेशेंट धुएं के कारण बेहोश हो गए। उन्हें यात्रियों और पुलिसकर्मियों ने बाहर निकाला और मौके पर सीपीआर दिया। इसके बाद एम्बुलेंस से जेएएच के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया।