रविवार सुबह से हो रही बारिश, तिघरा बांध का जलस्तर 737 फीट हुआ

Sep 06 2026

ग्वालियर। शहर में रविवार सुबह से बारिश का दौर जारी रहा। कभी तेज तो कभी रुक-रुककर हुई रिमझिम बारिश से मौसम पूरी तरह बदल गया। लगातार बारिश से तापमान में गिरावट आई और उमस व गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली है। दोपहर तक शहर में करीब 35 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। बारिश के कारण कई इलाकों में सडक़ों पर पानी भी जमा हो गया।
मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार की सुबह 8.30 बजे तक 6.4 मिमी बारिश हुई थी, जो सुबह 11.30 बजे तक बढक़र 35 मिमी हो गई। दिनभर बादल छाए रहने और रुक-रुककर फुहारें पडऩे से मौसम सुहावना बना रहा।
लगातार बारिश का असर शहर के मुख्य जलस्रोत तिघरा बांध पर भी दिखाई दे रहा है। दो दिन में बांध का जलस्तर करीब 5 फीट बढक़र 737 फीट के आसपास पहुंच गया है। 3 सितंबर की रात तिघरा का जलस्तर 728.40 फीट था, जो 5 सितंबर की रात बढक़र करीब 737 फीट हो गया। यानी दो दिनों में जलस्तर में लगभग 5 फीट की बढ़ोतरी हुई है।
पानी के संकट की चिंता कम हुई
तिघरा में लगातार पानी की आवक बढऩे से ग्वालियर शहर में जलसंकट की चिंता काफी कम हुई है। बांध में पर्याप्त पानी आने से सिंचाई के लिए भी पानी उपलब्ध होने की उम्मीद है। पिछले दिनों जलस्तर कम होने के कारण शहर की जलापूर्ति को लेकर चिंता बढ़ गई थी और सालभर की सप्लाई पर भी सवाल उठ रहे थे। अब बारिश के बाद हालात में सुधार हुआ है। इससे आने वाले महीनों में ग्वालियर शहर को पानी के संकट से राहत मिलने की उम्मीद है।