श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर गोपाल मंदिर में स्वयंसेवकों ने किया घोषवादक

Sep 05 2026

ग्वालियर। फूलबाग स्थित गोपाल मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत नजारा देखने को मिला। भगवान राधा-कृष्ण का बेशकीमती रत्नजडि़त आभूषणों से भव्य श्रृंगार किया गया, जिसके दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। इसी पावन अवसर पर प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार ग्वालियर महानगर के राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के घोषवादक स्वयंसेवकों द्वारा बंसी वादन का विशेष कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। बंसी की मधुर स्वर-लहरियों से गोपाल मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। भगवान श्रीकृष्ण की बंसी को समर्पित इस मनोहारी प्रस्तुति को सुनने के लिए बड़ी संख्या में भक्त उपस्थित रहे। ऐसा लगा मानो बंसी की धुन में स्वयं कान्हा की भक्ति उतर आई हो।