जन्माष्टमी पर सनातन धर्म मंदिर में ढाई क्विंटल माखन, मिश्री का लगेगा भोग

Sep 03 2026

ग्वालियर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी आज शुक्रवार को श्रद्धा भाव के साथ मनाई जाएगी। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर लोगों में उत्साह चरम पर है। शहर के प्रमुख कृष्ण मंदिरों में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अचलेश्वर मंदिर, सनातन धर्म मंदिर, फूलबाग स्थित गोपाल मंदिर, लक्ष्मीनारायण मंदिर और थाटीपुर स्थित द्वारिकाधीश मंदिर में विशेष साजसज्जा की गई है। मंदिरों में कल रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। इसके लिए आकर्षक फूलबंगला और विद्युत सज्जा की गई है। मंदिरों में 56 भोग लगाए जाएंगे। आतिशबाजी की जाएगी। शहनाई वादन किया जाएगा।
ढाई क्विंटल माखन, मिश्री का लगेगा भोग
सनातन धर्म मंदिर में ढाई क्विंटल माखनमिश्री का भोग लगेगा। 15 हजार कुल्हड़ों में श्रद्धालुओं को प्रसाद बांटा जाएगा। छप्पन भोग, आतिशबाजी और बीएसएफ बैंड प्रमुख आकर्षण होंगे। सुबह 9 बजे शहनाई वादन, चंदन-इत्र से अभिषेक और सोने-चांदी के आभूषणों से श्रृंगार होगा। शाम 5 से रात 12 बजे तक दर्शन खुले रहेंगे। 5 सितंबर को नंदोत्सव पर छप्पन भोग लगेगा।
प्रशासन ने किए पुख्ता इंतजाम
प्रशासन ने भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। प्रमुख मंदिरों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा और ट्रैफिक के लिए अलग से रूट प्लान जारी किया गया है। कई जगह दही-हांडी प्रतियोगिता का आयोजन भी होगा।
जेल में दिन में ही मनेगा जन्मोत्सव
भगवान श्रीकृष्ण का जन्म रात में हुआ था, लेकिन जेल में भगवान का जन्मोत्सव सुबह 10 बजे मनाया जाएगा। इस अवसर पर प्रसाद वितरण और भजन कीर्तन किए जाएंगे। जेल में नियमानुसार रात में लॉकअप हो जाता है। इसलिए रात के समय कोई कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जाएगा।