एडीएम हाई स्कूल में हर्षोल्लास से मनाया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव

Sep 03 2026

भितरवार। नगर के एडीएम हाई स्कूल में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। समारोह पूर्वक आयोजित कार्यक्रम में श्रीकृष्ण के जीवन चरित्र पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भक्ति भाव के साथ हुए। इस अवसर पर विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने भगवान श्री कृष्ण के विभिन्न रूपों और लीलाओं को जीवंत रूप में प्रस्तुत कर कार्यक्रम में उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। नन्हे बालकों ने राधा-कृष्ण की सुंदर झांकी, माखन चोरी, मटकी फोड़, श्री कृष्ण-सुदामा मिलन एवं मनमोहक रासलीला का मंचन किया। इन झांकियों और प्रस्तुतियों के माध्यम से बच्चों ने भगवान श्री कृष्ण के जीवन चरित्र,उनकी बाल लीलाओं तथा उनके उच्च आदर्शों का संदेश दिया। वहीं इस दौरान विद्यालय के डायरेक्टर मेघ सिंह रावत एवं प्राचार्या उर्मिला वर्मा ने बच्चों को संबोधित करते हुए भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से मिलने वाली सीख और उनके चरित्र के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वहीं उन्होंने बच्चों को सच्चाई,मित्रता और कर्तव्यनिष्ठा के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन ने उत्कृष्ट प्रस्तुति देने वाले बच्चों का उत्साहवर्धन किया गया। इस अवसर पर संस्था के डायरेक्टर मेघ सिंह रावत,प्राचार्या उर्मिला वर्मा सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं स्टाफ के सदस्य प्रमुख रूप से मौजूद रहे।