दो युवतियों ने होटल रिसेप्शनिस्ट को लात-घूंसों से पीटा, वीडियो भी सामने आया

Sep 02 2026

ग्वालियर। होटल से नौकरी से निकाले जाने के बाद 2 युवतियों ने रिसेप्शनिस्ट को जमकर पीटा। सडक़ पर लात-घूंसे मारे। हाथ को दांतों से काटकर खून निकाल दिया। बाल पकडक़र घसीटा और गर्दन भी मरोड़ दी। वारदात मयूर मार्केट स्थित मैक्सन होटल की है। 
थाटीपुर पुलिस के अनुसार सिंधिया नगर निवासी वर्षा राजपूत मयूर मार्केट स्थित मैक्सन होटल में रिसेप्शनिस्ट के तौर पर काम करती है। दोपहर करीब 3 बजे उसका सहकर्मी प्रिया राजपूत और नेहा से काम को लेकर विवाद हो गया। इस दौरान दोनों पक्षों में बहस हुई। विवाद बढऩे पर होटल मालिक ने मामला शांत कराने के लिए वर्षा, प्रिया और नेहा तीनों को नौकरी से निकाल कर तीनों को होटल से बाहर कर दिया।
होटल से बाहर निकलने के बाद विवाद खत्म होने के बजाय और बढ़ गया। प्रिया और नेहा ने सडक़ पर ही वर्षा को घेरकर गाली-गलौज शुरू कर दी। दोनों ने उसे पीटना शुरू कर दिया। वर्षा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि होटल से बाहर निकलते ही प्रिया और नेहा ने लात-घूंसों से पीटा। मारपीट के दौरान उसके दाहिने कान में चोट लगी। प्रिया राजपूत ने उसके दाहिने हाथ की कलाई पर दांत से काट लिया। चोट के कारण कान से खून बहने लगा।
 सडक़ पर हुई मारपीट से आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई। वर्षा और दोनों युवतियों के बीच मारपीट देख राहगीरों ने बीच-बचाव किया। लोगों ने किसी तरह दोनों पक्षों को अलग किया, जिसके बाद मामला शांत हुआ।
वर्षा का आरोप है कि मारपीट के बाद जाते समय प्रिया और नेहा ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद वह थाटीपुर थाने पहुंची और दोनों महिला कर्मचारियों के खिलाफ शिकायत दी। उसने पुलिस को चोटों और पूरी घटना की जानकारी दी। 
थाटीपुर थाना प्रभारी विपिन सिंह चौहान ने बताया कि दो युवतियों ने रिसेप्शनिस्ट के साथ मारपीट की थी। घटना का वीडियो भी सामने आया है। पुलिस ने पीडि़ता की शिकायत और वीडियो के आधार पर दोनों युवतियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।