रेलवे ट्रैक पर मिला सेल्समैन का शव, ट्रेन की चपेट में आने से मौत

Sep 01 2026

ग्वालियर। रेलवे स्टेशन के पार्सल ऑफिस के सामने मंगलवार सुबह रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव मिला। सूचना मिलते ही जीआरपी मौके पर पहुंची और शव को ट्रैक से हटवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक की पहचान राकेश सक्सेना निवासी काशिपुरा मुरार के रूप में हुई है। वह इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान पर सेल्समैन का काम करता था। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजन को सौंप दिया।
जीआरपी के प्रधान आरक्षक लवकुश ने बताया कि सुबह करीब 9 बजे स्टेशन मास्टर की ओर से मेमो मिला था। इसमें पार्सल ऑफिस के सामने रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत की सूचना दी गई थी। जीआरपी टीम मौके पर पहुंची तो ट्रैक पर युवक का शव मिला। मृतक के पास मिले मोबाइल फोन से उसकी पहचान राकेश सक्सेना के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने परिजन को सूचना दी।
पुलिस के अनुसार राकेश मूल रूप से फिरोजाबाद (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला था। वह वर्तमान में काशीपुरा मुरार में किराए के मकान में रह रहा था। वह शादीशुदा था और उसके दो बच्चे हैं। राकेश के पिता सुरेश सक्सेना ने बताया कि बीती रात वह घर पर सोने के बजाय पास ही किसी दूसरे स्थान पर सोया था। मंगलवार सुबह वह वहां से कब निकला, इसकी जानकारी परिवार को नहीं हो सकी। इसके बाद रेलवे ट्रैक पर उसका शव मिलने की सूचना मिली।
राकेश की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई है, लेकिन यह हादसा था या उसने आत्महत्या की, यह अभी स्पष्ट नहीं है। घटनास्थल से पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। किस ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हुई, इसकी जानकारी भी फिलहाल सामने नहीं आई है। जीआरपी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि राकेश रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंचा और घटना किन परिस्थितियों में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।