पिता-चाचा ने ’बॉयकट लुक रखती हो’ बोलकर बेटी का गला घोंटकर मार डाला

Sep 01 2026

डबरा। चाचा और पिता ने बड़ी बेटी को बॉयकट बाल रखने और नौकरी करने पर डंडे से पीटा। उसका सिर दीवार पर पटका और गला दबाकर हत्या कर दी। छोटी बेटी को भी घसीट-घसीटकर पीटा और गला दबाने की कोशिश की। नाबालिग बेहोश हो गई।
वारदात डबरा के पतरिया पुरा गांव की है। मृतक की पहचान अनु उर्फ नंदनी यादव के रूप में हुई है। पिता भगवान सिंह यादव और उनके भाई संतोष सिंह यादव पर हत्या का आरोप है। भगवान सिंह ने पत्नी को भी कमरे में बंद कर पीटा और लडक़ी के मुंह बोले भाई की भी पिटाई की।
 रक्षाबंधन पर कर्नाटक से घर आई थी नंदनी
पुलिस के मुताबिक अनु उर्फ नंदनी कर्नाटक के विजयपुर के एक मॉल में नौकरी करती थी। वह रक्षाबंधन पर घर आई थी। परिवार उसके बाहर नौकरी करने और बॉयकट बाल रखने से नाराज था। पुलिस की शुरुआती जांच में इन्हीं बातों को हत्या की वजहों में शामिल किया गया है। भगवान सिंह और संतोष घर पहुंचे। दोनों ने पहले 17 वर्षीय छोटी बेटी के साथ मारपीट की। उसे घसीट-घसीटकर पीटा और गला दबाने की कोशिश की। मां ने बीच-बचाव कर उसे छुड़ाया। नाबालिग करीब 30-40 मिनट तक बेहोश रही।
इसी दौरान नंदनी दूसरे घर में अपने मुंह बोले भाई मनमोहन पांडे के साथ थी। आरोप है कि पिता और चाचा ने पहले मनमोहन के साथ मारपीट की। भगवान सिंह ने उसका सिर कई बार दीवार में पटका। इस दौरान उसके चेहरे और गले पर चोट आई और वह बेहोश हो गया। इसके बाद दोनों ने नंदनी को पीटा। उसका सिर दीवार में पटका और डंडे से सिर पर कई वार किए। इसके बाद साफी से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस जांच में नंदनी की 17 वर्षीय बहन से जुड़ा पुराना मामला भी सामने आया है। नाबालिग दो बार घर से लापता हो चुकी थी। पुलिस दोनों बार उसे दस्तयाब कर चुकी है। वारदात के दौरान नंदनी की मां को भी कमरे में बंद कर मारपीट की गई। इसके बाद हत्या की जानकारी गांव में फैली।
हत्या के बाद भगवान सिंह और संतोष मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पिछोर थाना प्रभारी शिवम सिंह राजावत पुलिस टीम के साथ गांव पहुंचे। पुलिस ने नंदनी का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आरोपियों की तलाश शुरू की।
एसडीओपी सौरभ कुमार ने बताया कि पिछोर में ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी भगवान सिंह को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि संतोष की तलाश जारी है। नंदनी की हत्या की पूरी वजह और नाबालिग बेटी से जुड़े पुराने मामलों की जांच की जा रही है।