सांसद मनीष तिवारी ने किया कलाकारों का उत्साहवर्धन

Aug 31 2026

चंडीगढ़। सस्टेनेबल कृषि, ऊर्जा, पर्यावरण आदि के बाद कला क्षेत्र में भी सस्टेनेबिलिटी की वकालत के साथ पंजाब कला भवन चंडीगढ़ की सोभा सिंह आर्ट गैलरी में 28 अगस्त से प्रारंभ तीन दिवसीय सस्टेनेबल कला प्रदर्शनी का क्षेत्रीय सांसद मनीष तिवारी की मौजूदगी में उत्साह पूर्वक समापन हुआ। सांसद श्री तिवारी ने पूरी तन्मयता से कलाकृतियों का अवलोकन कर कलाकारों का उत्साह वर्धन किया। उन्होंने आयोजकों को साधुवाद देते हुए कहा कि हमें जीवन के हर क्षेत्र में सस्टेनेबिलिटी का ध्यान रखना चाहिए, संसाधनों का संतुलित दोहन हो ताकि आने वाली पीढिय़ों का जीवन भी सहज सुलभ रहे।
दरअसल अपनी तरह की पहली इस तीन दिवसीय कला प्रदर्शनी में मसलसल संसाधनों के सही प्रयोग, टिकाऊपन और दीर्घकालिकता के कला में समावेश पर व्यावहारिक रूप से बल दिया गया व साथ ही मानव संसाधनों के समावेशी उपयोग की भी वकालत हुई।
इस प्रदर्शनी में जहाँ सामान्य बाल कलाकार, युवा, वृद्ध श्रवण- बाधित,ऑटिस्टिक कलाकारों ने भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं कलात्मक वस्तुओं का संग्रह, ड्रिफ्टवुड, पुरानी टेक्सटाइल का पुन: इस्तेमाल, बहुत सी पुरानी चीजों को कलात्मक रूप देकर उनका उपयोग सहित विभिन्न माध्यमों का उपयोग करते हुए सुंदर पेंटिंग और स्टैचू आदि का भी प्रदर्शन किया गया। 
प्रदर्शनी का उद्घाटन 28 अगस्त की संध्या को पंजाब ललित कला अकादमी के अध्यक्ष सुमित दुआ तथा चंडीगढ़ ललित कला अकादमी के अध्यक्ष भीम मल्होत्रा के कर कमलों से हुआ। प्रदर्शनी में कई नामचीन कलाकारों और विभूतियों ने पधार कर कलाकारों की हौसला अ$फज़ाई की। 
प्रदर्शनी को डॉक्टर पुष्पिन्दर कौर ने क्यूरेट किया तथा सुश्री पुनीत मदान ने संयोजित किया। प्रदर्शनी में 60 से अधिक कलाकारों ने शिरकत की। प्रदर्शनी के सफल आयोजन के लिए पूरी टीम साधुवाद की पात्र है।