बादल छाए, उमस से लोग परेशान

Aug 30 2026

ग्वालियर। रक्षाबंधन के बाद मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। रविवार सुबह से आसमान में बादल छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं हुई। बादलों की मौजूदगी के बावजूद उमस कम नहीं हुई, जिससे लोग गर्मी और चिपचिपी स्थिति से परेशान रहे। शहरवासियों को अब भी अच्छी बारिश का इंतजार है। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को ग्वालियर का न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.3 डिग्री अधिक था। सुबह 5:30 बजे तापमान 26.6 डिग्री और 8:30 बजे 27 डिग्री सेल्सियस रहा। इस दौरान हवा में नमी का स्तर 84 प्रतिशत दर्ज किया गया। अधिक नमी के कारण तापमान बहुत अधिक न होने पर भी गर्मी का असर ज्यादा महसूस हुआ। रविवार सुबह तक कोई बारिश दर्ज नहीं की गई।
उमस और तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव का असर लोगों के स्वास्थ्य पर भी दिख रहा है। सर्दी, खांसी, वायरल फीवर, गले में संक्रमण और पेट संबंधी बीमारियों के मरीज अस्पतालों और निजी क्लीनिकों में बढ़ गए हैं। डॉक्टरों ने सलाह दी है कि मौसम बदलने के दौरान खान-पान और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। लोगों को पर्याप्त पानी पीने, बाहर का खाना खाने से बचने और बारिश में भीगने के बाद तुरंत गीले कपड़े बदलने की सलाह दी गई है।