रक्षाबंधन पर झमाझम बारिश, सडक़ों पर भरा पानी

Aug 28 2026

ग्वालियर। रक्षाबंधन के दिन शुक्रवार को इंद्रदेव ग्वालियर पर मेहरबान रहे। सुबह से शहर में बारिश का दौर जारी रहा। कई इलाकों में झमाझम बारिश से सडक़ों पर पानी भर गया, जबकि निचले क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन गई। लगातार बारिश से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली और मौसम सुहावना हो गया। हालांकि त्योहार पर खरीदारी के लिए निकले लोगों को बारिश के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा।
 बाजारों में भीड़ के बीच बारिश ने बढ़ाई परेशानी
रक्षाबंधन पर बाजारों में खरीदारी के लिए निकले लोगों को बारिश के कारण परेशानी हुई। कई लोग बारिश से बचने के लिए दुकानों और आसपास के स्थानों पर रुकते नजर आए। जलभराव वाले क्षेत्रों में वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को भी दिक्कत हुई। नगर निगम का अमला पानी की निकासी के लिए सक्रिय रहा।
शहर में अच्छी बारिश के बावजूद तिघरा जलाशय की स्थिति चिंता का विषय बनी हुई है। मानसून का आंकड़ा औसत कोटे के करीब पहुंच गया है, लेकिन जलाशय में पर्याप्त पानी आने के लिए सितंबर की बारिश महत्वपूर्ण मानी जा रही है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक यदि आने वाले दिनों में बारिश कमजोर पड़ती है तो तिघरा में पानी की स्थिति को लेकर चिंता बढ़ सकती है।