सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर में रक्षाबंधन पर्व पर ब्रह्माकुमारी बहनों ने जवानों को बांधा रक्षा सूत्र

Aug 28 2026

ग्वालियर। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय द्वारा सी.आरपीएफ में ग्रुप सेंटर, पुलिस उप महानिरीक्षक राजकुमार निगम के निर्देशन में रक्षाबंधन पर्व के पावन अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी बहनों ने सीआरपीएफ के अधिकारियों एवं जवानों को रक्षा सूत्र बांधकर उनके उज्ज्वल, सुखमय एवं स्वस्थ जीवन की मंगलकामना की।
इस अवसर पर राजयोगी बीके प्रहलाद ने रक्षाबंधन पर्व के आध्यात्मिक रहस्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह त्योहार भाई-बहन के पावन प्रेम का पर्व है। रक्षा सूत्र हमें यह स्मृति दिलाता है कि हम अपने जीवन में पवित्रता, सकारात्मकता और श्रेष्ठ संस्कारों को धारण करें। उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं और आंतरिक सुरक्षा की रक्षा करने वाले जवान राष्ट्र के सच्चे प्रहरी हैं। जिस प्रकार वे देश की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहते हैं, उसी प्रकार प्रत्येक व्यक्ति को अनेक बुराइयों से अपने मन और विचारों की रक्षा करने का संकल्प लेना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान बीके सुरभि बहन एवं बीके रोशनी बहन ने सभी अधिकारियों एवं जवानों को आत्म स्मृति का तिलक लगाते हुए सभी को रक्षा सूत्र बांधा तथा उनका मुख मीठा कराया। जवानों ने भी इस आत्मीय आयोजन के प्रति अपनी प्रसन्नता व्यक्त की।
इस अवसर पर श्रीमती सुनीता निगम, प्रेम चंद्र गुप्ता, दिलावर सिंह एवं जवान सहित बीके जीतू, बीके दीपक, उपस्थित थे।