प्रदेश के पहले पीडियाट्रिक डीएम जेएएच की मंगलवार, गुरुवार व शनिवार की ओपीडी में दे रहे अपनी सेवाएं

Aug 27 2026

ग्वालियर। बच्चों की जटिल पेट और आंत संबंधी बीमारियों के इलाज के लिए अब ग्वालियरवासियों को दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। गजराराजा चिकित्सा महाविद्यालय से एमडी पीडियाट्रिक्स करने वाले ग्वालियर के मूल निवासी डॉ. अंकित अग्रवाल अब जेएएच ग्रुप के सुपर स्पेशलिटीअस्पताल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। खास बात यह है कि डॉ. अंकित लखनऊ से डीएम पीडियाट्रिक गैस्ट्रोएंटेरोलॉजी की विशेषज्ञ डिग्री हासिल करने वाले मध्यप्रदेश के पहले चिकित्सक हैं। बच्चों में लिवर, पेट, आंत और पाचन तंत्र से जुड़ी जटिल बीमारियों के उपचार के लिए पीडियाट्रिक गैस्ट्रोएंटेरोलॉजी बेहद विशेषज्ञता वाला क्षेत्र है। अब यह सुविधा सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में उपलब्ध होने से न केवल शहर बल्कि पूरे अंचल के मरीजों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
डॉ. अंकित अग्रवाल ने बताया कि वे मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को ओपीडी में मरीजों के लिए उपलब्ध रहेंगे। उन्होंने कहा कि वे स्वयं ग्वालियर रीजन से हैं और उनकी एमडी पीडियाट्रिक्स की पढ़ाई भी गजराराजा चिकित्सा महाविद्यालय से हुई है। उनका कहना था कि लखनऊ से डिग्री लेने के बाद वह कई साल वहां रहें। कई वर्ष नोएडा में भी प्रैक्टिस की। ग्वालियर और पूरे अंचल से बड़ी संख्या में वहां मरीज आते थे, तो बच्चों के लिए इस अत्याधुनिक विशेषज्ञता की सुविधा ग्वालियर में उपलब्ध कराने की इच्छा हुई, और सोचा अपने घर ही चलू। इसी उद्देश्य से उन्होंने यहां ज्वाइन किया है। डॉ. अंकित के जेएएच सुपर स्पेशलिटी अस्पताल से जुडऩे से ऐसे परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी, जिन्हें बच्चों की गंभीर गैस्ट्रो संबंधी बीमारियों के उपचार के लिए भोपाल, इंदौर, दिल्ली या अन्य बड़े शहरों की ओर जाना पड़ता था।