ईद मिलादुन्नबी के जुलूस में दिखी हिंदू-मुस्लिम एकता

Aug 26 2026

भितरवार। पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिन के अवसर पर बुधवार को नगर में ईद मिलादुन्नबी का भव्य जुलूस उत्साह, उमंग और आपसी भाईचारे के  माहौल में निकाला गया। जुलूस में मुस्लिम समाज के हजारों लोग शामिल हुए। नगर के प्रमुख मार्गों पर लोगों ने जुलूस का स्वागत करते हुए पुष्पवर्षा की। खास बात यह रही कि कई स्थानों पर हिंदू भाइयों ने भी जुलूस पर पुष्पवर्षा कर सांप्रदायिक सौहार्द और हिंदू-मुस्लिम एकता की मिसाल पेश की। जुलूस की शुरुआत वार्ड क्रमांक 5 शासन से हुई। यहां से जुलूस, वार्ड क्रमांक 4 और करैरा तिराहा होते हुए नया बस स्टेंड पहुंचा। इसके बाद मेन तिराहा से होते हुए नगर के प्रमुख मार्गों से जुलूस आगे बढ़ा। बड़ी संख्या में लोग जुलूस में शामिल होते गए। धार्मिक नारों और मिलाद के संदेशों से पूरा वातावरण उत्साहपूर्ण नजर आया। जुलूस के दौरान प्रशासन और पुलिस द्वारा सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। प्रमुख चौराहों और मार्गों पर पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस और प्रशासन की निगरानी में जुलूस शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ता रहा। जुलूस नया बस स्टैंड,मेन तिराहा सहित नगर के विभिन्न मार्गों से होकर दिया दाहघाट पहुंचा, जहां इसका शांतिपूर्ण समापन किया गया। आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोगों की मौजूदगी रही। पूरे कार्यक्रम में आपसी भाईचारे,शांति, सौहार्द और हिंदू-मुस्लिम एकता का संदेश देखने को मिला। 
हिंदू मुस्लिम एकता का दिया संदेश
नगर परिषद उपाध्यक्ष मन्नू यादव,पार्षद जितेंद्र सिंह परिहार ,पार्षद सुमत प्रकाश जैन,सहित नगर में कई जगह हिन्दू भाइयों ने भी जुलूस का स्वागत करते हुए पुष्पवर्षा की। और उन्होंने जुलूस में शामिल लोगों का अभिनंदन करते हुए ईद मिलादुन्नबी की शुभकामनाएं दीं। नगर के अन्य स्थानों पर भी नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने जुलूस का स्वागत किया। हिंदू समाज के लोगों द्वारा की गई पुष्पवर्षा ने आयोजन में आपसी प्रेम,भाईचारे और सद्भाव का संदेश दिया। 
ईद मिलाद उन नबी के जुलूस में पूर्व जनपद सदस्य कल्लू पटेल,हाफिज अवरार, सफी खान,आजम खान, सत्तार खान,फिरोज खान,इकबाल खान,अकबर पटेल, डॉ वसीर खान,आदिल खान,गब्बर खान पठान, अख्तर अली,सिखावत पठान,सहित हजारों मुस्लिम हिन्दू समुदाय के लोग उपस्थित रहे।